डेंगू काबू में, सपा का काम अफवाहें फैलाना : ब्रजेश पाठक

उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक (Brajesh Pathak) ने कहा कि शोर मचाना और नियमों का उल्लंघन करना समाजवादी पार्टी के डीएनए में है।

  • Written By:
  • Publish Date - November 29, 2023 / 05:24 PM IST

लखनऊ, 29 नवंबर (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक (Brajesh Pathak) ने कहा कि शोर मचाना और नियमों का उल्लंघन करना समाजवादी पार्टी के डीएनए में है। मच्छरनजित रोगों को पूरी तरह समाप्त करने के लिए हमारी सरकार काम कर रही है।

उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक बुधवार को विधानसभा में अखिलेश यादव के सवालों का जवाब दे रहे थे। उन्होंने कहा कि वे खुद प्रतिदिन 3-4 अस्पतालों का निरीक्षण करते हैं। विपक्ष पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि उनके मंत्री पांच साल में पांच अस्पताल नहीं पहुंच सके थे। डेंगू पूरी तरह से काबू में है। हमें डेंगू सहित सभी बीमारियों की गंभीरता का अंदाजा है। स्वास्थ्य महकमा प्रदेश के प्रत्येक नागरिक को उच्च कोटि की चिकित्सा व्यवस्था उपलब्ध करा रहा है। साल 2017 से पहले अस्पतालों की जो हालत थी, विपक्ष को उसकी तुलना आज की तस्वीर से करनी चाहिए। आज का न्यू उत्तर प्रदेश विकास के पथ पर अग्रसर है।

बुधवार को विधानसभा के शीतकालीन सत्र के दौरान उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने सदन में कहा कि वर्ष 2017 से पहले किसी सरकार ने संचारी रोग अभियान को लेकर कोई कदम नहीं उठाया था। हमारी सरकार ने 13 विभागों के बीच समन्वय स्थापित कर प्रदेश में साल भर में तीन बार व्यापक स्तर पर अभियान चलाकर बीमारियों पर काबू पाया।

उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि शोर मचाना और नियमों का उल्लंघन करना समाजवादी पार्टी के डीएनए में है। मच्छरनजित रोगों को पूरी तरह समाप्त करने के लिए हमारी सरकार काम कर रही है। यह लोग जनता को गुमराह कर हथियार के बल पर शासन चलाते थे। आज भाजपा शासनकाल में प्रदेश में कानून का राज स्थापित है। पिछली सरकार में सपा के लोग अस्पतालों और चिकिसकों से वसूली करते थे।

उन्होंने कहा कि राजकुमार को ये होश नहीं कि लोकतंत्र में जनता सर्वोपरि होती है। सपा शासन में ब्लड सेपरेटर मशीन केवल बड़े जिलों में उपलब्ध होती थी। हमारी सरकार ने सभी जनपदों में ब्लड सेपरेटर मशीनें उपलब्ध कराई। सपा शासन में कुछ ही जिलों में डायलिसिस की सुविधा उपलब्ध थी, भाजपा सरकार ने हर जिले में डायलिसिस की सुविधा उपलब्ध कराई। समाजवादी पार्टी की सरकार में गोरखपुर में इंसेफ्लाइटिस का कहर था। हमारी सरकार ने संचारी रोग चलाकर शत-प्रतिशत इस रोग पर काबू पाया।