भारत ने जापान को पीछे छोड़ा, 4.18 ट्रिलियन डॉलर GDP के साथ बना दुनिया की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था
By : hashtagu, Last Updated : December 31, 2025 | 10:12 am
नई दिल्ली: केंद्र सरकार ने बताया कि भारत (India) अब दुनिया की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन गया है। सरकार के अनुसार देश का सकल घरेलू उत्पाद 4.18 ट्रिलियन डॉलर तक पहुंच गया है, जिससे भारत ने जापान को पीछे छोड़ दिया है। अब भारत से आगे केवल अमेरिका, चीन और जर्मनी हैं।
सरकारी आंकड़ों के मुताबिक आर्थिक वृद्धि में लगातार मजबूती बनी हुई है। 2025-26 की अवधि में देश की वास्तविक GDP वृद्धि दर मजबूत रही है, जिसमें घरेलू मांग, निजी खपत और निवेश का बड़ा योगदान रहा। सरकार का कहना है कि भारत इस समय दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं में शामिल है।
केंद्र सरकार ने भरोसा जताया है कि मौजूदा रफ्तार बनी रही तो आने वाले वर्षों में भारत जर्मनी को भी पीछे छोड़कर दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन सकता है। अनुमान है कि 2030 तक देश की GDP 7 ट्रिलियन डॉलर से अधिक हो सकती है।
सरकार ने यह भी कहा कि महंगाई नियंत्रण में है, आर्थिक गतिविधियां तेज हैं और रोजगार के अवसर बढ़ रहे हैं, जिससे देश की आर्थिक स्थिति और मजबूत हो रही है।




