PM मोदी से मिले अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो, ट्रंप का व्हाइट हाउस आने का न्योता सौंपा

बैठक में पश्चिम एशिया में जारी तनाव और ऊर्जा आपूर्ति को लेकर भी चर्चा हुई। अमेरिकी पक्ष ने भारत को भरोसा दिलाया कि ऊर्जा बाजार की स्थिरता बनाए रखने के लिए अमेरिका सहयोग करेगा।

  • Written By:
  • Publish Date - May 24, 2026 / 12:10 AM IST

नई Delhi: अमेरिकी विदेश मंत्री (US Secretary of State) मार्को रुबियो ने शनिवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की ओर से उन्हें व्हाइट हाउस (White House) आने का निमंत्रण दिया। दोनों नेताओं के बीच भारत-अमेरिका रणनीतिक साझेदारी (Strategic Partnership), रक्षा सहयोग (Defence Cooperation), व्यापार (Trade), ऊर्जा सुरक्षा (Energy Security) और पश्चिम एशिया की स्थिति पर विस्तृत चर्चा हुई।

मार्को रुबियो चार दिन के भारत दौरे पर आए हैं। नई दिल्ली पहुंचने के तुरंत बाद उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी से मुलाकात की। इस दौरान रुबियो ने भारत को इंडो-पैसिफिक क्षेत्र में अमेरिका का अहम साझेदार बताया। उन्होंने कहा कि दोनों देशों के बीच रक्षा, आधुनिक तकनीक और व्यापारिक सहयोग को और मजबूत करने की जरूरत है।

प्रधानमंत्री मोदी ने मुलाकात के बाद सोशल मीडिया पर लिखा कि भारत और अमेरिका वैश्विक शांति और सुरक्षा के मुद्दों पर मिलकर काम करते रहेंगे। उन्होंने कहा कि दोनों देशों के रिश्ते लगातार मजबूत हो रहे हैं और यह साझेदारी दुनिया के हित में अहम भूमिका निभाएगी।

बैठक में पश्चिम एशिया में जारी तनाव और ऊर्जा आपूर्ति को लेकर भी चर्चा हुई। अमेरिकी पक्ष ने भारत को भरोसा दिलाया कि ऊर्जा बाजार की स्थिरता बनाए रखने के लिए अमेरिका सहयोग करेगा। वहीं भारत ने बातचीत और कूटनीति के जरिए विवादों के शांतिपूर्ण समाधान पर जोर दिया।

रुबियो अपने दौरे के दौरान विदेश मंत्री एस जयशंकर से भी मुलाकात करेंगे और क्वाड देशों के विदेश मंत्रियों की बैठक में हिस्सा लेंगे। माना जा रहा है कि यह दौरा पिछले कुछ समय से व्यापार और टैरिफ मुद्दों को लेकर आई तल्खी के बाद भारत-अमेरिका संबंधों को नई मजबूती देने की कोशिश है।