मोदी ने विदेशी यात्रा पर पाबंदी की खबरों को बताया ‘पूरी तरह झूठा’

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि इन दावों में “रत्ती भर भी सच्चाई नहीं है” और सरकार का ऐसा कोई इरादा नहीं है कि विदेशी यात्रा पर कोई प्रतिबंध लगाया जाए।

  • Written By:
  • Publish Date - May 15, 2026 / 10:45 PM IST

नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Narendra Modi) ने शुक्रवार को उन मीडिया रिपोर्ट्स को पूरी तरह खारिज कर दिया, जिनमें दावा किया गया था कि सरकार विदेशी यात्रा (Foreign Travel) पर किसी तरह की पाबंदी लगाने पर विचार कर रही है। प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट करते हुए इन खबरों को “पूरी तरह झूठा” बताया।

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि इन दावों में “रत्ती भर भी सच्चाई नहीं है” और सरकार का ऐसा कोई इरादा नहीं है कि विदेशी यात्रा पर कोई प्रतिबंध लगाया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकार का ध्यान देश में ‘Ease of Doing Business’ और ‘Ease of Living’ को बेहतर बनाने पर है।

पीएम मोदी ने अपने संदेश में कहा कि सरकार नागरिकों की सुविधा और आर्थिक सुधारों को प्राथमिकता दे रही है, इसलिए इस तरह की किसी भी पाबंदी का सवाल ही नहीं उठता।

इससे पहले सोमवार को प्रधानमंत्री ने वैश्विक हालात, खासकर पश्चिम एशिया (West Asia) में तनाव के बीच देशवासियों से कई तरह की अपीलें की थीं। उन्होंने लोगों से विदेश में डेस्टिनेशन वेडिंग (Destination Wedding) से बचने, ईंधन की खपत कम करने और सार्वजनिक परिवहन के अधिक उपयोग की सलाह दी थी।

प्रधानमंत्री ने यह भी कहा था कि मौजूदा वैश्विक संकट को देखते हुए नागरिकों को सोने की खरीद (Gold Purchase) टालने और इलेक्ट्रिक वाहनों के उपयोग को बढ़ावा देने पर विचार करना चाहिए। उन्होंने स्कूलों में अस्थायी रूप से ऑनलाइन कक्षाएं (Online Classes) आयोजित करने का सुझाव भी दिया था, ताकि संसाधनों की बचत की जा सके।

सरकार की ओर से यह भी दोहराया गया कि ऊर्जा संकट और वैश्विक अस्थिरता के बीच देश को आत्मनिर्भरता और संसाधन प्रबंधन पर ध्यान देने की जरूरत है।