दिल्ली: वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण (Nirmala Sitaraman) ने आज 11 बजे केंद्रीय बजट 2026-27 पेश किया। यह उनका लगातार नौवां बजट था, और जैसे हर बार, इस बार भी बजट के दिन उनकी साड़ी चर्चा का विषय बनी। खास बात यह है कि बजट के मौके पर निर्मला सीतारमण जो साड़ी पहनती हैं, वह भारतीय संस्कृति की पहचान को उजागर करती है। इस बार वित्त मंत्री ने हाथ से बुनी बैंगनी रंग की कांचीवरम सिल्क साड़ी पहनी थी, जो तमिलनाडु की पारंपरिक बुनाई से जुड़ी हुई है। इस साड़ी में हल्के सुनहरे भूरे रंग के चेक (कट्टम) और धागे के काम के साथ कॉफी ब्राउन बॉर्डर था।
बैंगनी रंग का महत्व
बैंगनी रंग को महिला सशक्तीकरण, गरिमा, न्याय और समानता का प्रतीक माना जाता है। यह रंग अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस और नारी अधिकार आंदोलन से भी जुड़ा हुआ है। इस रंग को पहनकर वित्त मंत्री ने एक संकेत दिया कि इस बजट में महिलाओं के लिए विशेष योजनाओं, शिक्षा, स्वास्थ्य या आर्थिक सहायता पर ध्यान केंद्रित किया जाएगा।
पिछले बजट में पहनी थी ‘मधुबनी कला’ की साड़ी
साल 2025 के बजट में वित्त मंत्री ने बिहार की प्रसिद्ध ‘मधुबनी कला’ से सजी एक ऑफ-व्हाइट सिल्क साड़ी पहनी थी। यह साड़ी उन्हें पद्म पुरस्कार विजेता दुलारी देवी ने गिफ्ट की थी। साड़ी पर ‘मछली’ का डिज़ाइन था, जो सुख, समृद्धि और विकास का प्रतीक माना जाता है।
निर्मला सीतारमण का राजनीतिक सफर
निर्मला सीतारमण का जन्म 18 अगस्त 1959 को मदुरै, तमिलनाडु में हुआ था। उन्होंने तिरुचिरापल्ली के सीतालक्ष्मी रामास्वामी कॉलेज से अर्थशास्त्र में स्नातक की डिग्री प्राप्त की, और जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय से अर्थशास्त्र में स्नातकोत्तर की डिग्री हासिल की। राजनीति में कदम रखने से पहले, वह कॉर्पोरेट क्षेत्र से जुड़ी हुई थीं। उन्होंने साल 2006 में भारतीय जनता पार्टी (भा.ज.पा.) के साथ अपनी राजनीतिक यात्रा शुरू की। 2014 में मोदी सरकार के मंत्रिमंडल में उन्हें जगह मिली।
अपने पहले कार्यकाल में वह वाणिज्य और उद्योग मंत्रालय की स्वतंत्र प्रभारी मंत्री रहीं। साल 2017 में निर्मला सीतारमण ने रक्षा मंत्री का पद संभाला, और 2019 से वह देश की वित्त मंत्री हैं।