योग दिवस 2026: कोलकाता में पीएम मोदी के साथ 30 हजार लोग करेंगे योग, रेड रोड पर भव्य आयोजन की तैयारी

आयुष मंत्रालय के अनुसार, इस वर्ष अंतरराष्ट्रीय योग दिवस का राष्ट्रीय मुख्य कार्यक्रम कोलकाता में आयोजित किया जा रहा है, जिसकी अगुवाई प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी करेंगे।

  • Written By:
  • Publish Date - June 19, 2026 / 11:31 AM IST

कोलकाता (पश्चिम बंगाल): अंतरराष्ट्रीय योग दिवस (International Yoga Day) 2026 के अवसर पर 21 जून को कोलकाता के ऐतिहासिक रेड रोड (Red Road) पर होने वाले मुख्य राष्ट्रीय कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Prime Minister Narendra Modi) के साथ करीब 30 हजार प्रतिभागी (Participants) योग करेंगे। पश्चिम बंगाल के मंत्री दिलीप घोष ने बताया कि इस बड़े आयोजन में हजारों लोग शामिल होंगे और सभी तैयारियां अंतिम चरण में हैं।

आयुष मंत्रालय के अनुसार, इस वर्ष अंतरराष्ट्रीय योग दिवस का राष्ट्रीय मुख्य कार्यक्रम कोलकाता में आयोजित किया जा रहा है, जिसकी अगुवाई प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी करेंगे। कार्यक्रम में देश और दुनिया से योग प्रेमियों की भागीदारी देखने को मिलेगी। योग दिवस 2026 की थीम “योग फॉर हेल्दी एजिंग” यानी स्वस्थ उम्र बढ़ने के लिए योग रखी गई है।

कोलकाता में योग दिवस को लेकर व्यापक तैयारियां की गई हैं। आयोजन स्थल रेड रोड पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। शहर में विशेष सांस्कृतिक कार्यक्रम, योग जागरूकता अभियान और कई पूर्व-आयोजन भी आयोजित किए जा रहे हैं। 19 जून को “दौड़ से ध्यान” कार्यक्रम और 20 जून को “वंदे योगम” सहित कई विशेष कार्यक्रम आयोजित किए गए हैं।

योग दिवस के मौके पर कोलकाता में बड़े स्तर पर ड्रोन शो और अन्य आकर्षक कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। रिपोर्टों के मुताबिक, शहर में 3,000 ड्रोन शो का आयोजन किया जाएगा, जबकि गंगा नदी पर 500 नौकाओं के साथ विशेष योग प्रदर्शन की भी तैयारी की गई है। इस आयोजन को देश के सबसे बड़े योग कार्यक्रमों में से एक माना जा रहा है।

आयुष मंत्रालय ने लोगों से बड़ी संख्या में कार्यक्रम में शामिल होने की अपील की है। मंत्रालय का कहना है कि योग केवल शारीरिक स्वास्थ्य ही नहीं बल्कि मानसिक संतुलन और बेहतर जीवनशैली के लिए भी महत्वपूर्ण है।