नई दिल्ली: तमिलनाडु के मुख्यमंत्री विजय (Vijay) ने मुख्यमंत्री बनने के बाद पहली बार नई दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। यह उनकी पहली आधिकारिक दिल्ली यात्रा (Official Delhi Visit) मानी जा रही है। दोनों नेताओं के बीच प्रधानमंत्री आवास पर बैठक हुई, जिसमें तमिलनाडु से जुड़े कई अहम मुद्दों पर चर्चा हुई।
सूत्रों के मुताबिक मुख्यमंत्री विजय ने प्रधानमंत्री मोदी के सामने कावेरी नदी से जुड़े मेकेदातु बांध परियोजना का मुद्दा उठाया। उन्होंने कर्नाटक सरकार की इस परियोजना पर रोक लगाने की मांग की और इसे तमिलनाडु के हितों के खिलाफ बताया। इसके अलावा श्रीलंका में गिरफ्तार तमिल मछुआरों की रिहाई और राज्य से जुड़े अन्य प्रशासनिक मामलों पर भी चर्चा हुई।
बताया जा रहा है कि विजय ने प्रधानमंत्री को तमिलनाडु की विकास योजनाओं और राज्य की प्राथमिकताओं से भी अवगत कराया। इस दौरान केंद्र और राज्य के बीच सहयोग बढ़ाने पर भी बातचीत हुई। राजनीतिक तौर पर इस मुलाकात को बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है क्योंकि मुख्यमंत्री बनने के बाद विजय की यह पहली बड़ी राष्ट्रीय स्तर की राजनीतिक बैठक है।
दिल्ली दौरे के दौरान विजय राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण और अन्य केंद्रीय मंत्रियों से भी मुलाकात कर सकते हैं। साथ ही कांग्रेस नेताओं सोनिया गांधी, राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खड़गे से मिलने की भी चर्चा है।
मुख्यमंत्री विजय ने हाल ही में तमिलनाडु विधानसभा चुनाव में बड़ी जीत दर्ज कर सरकार बनाई थी। अभिनेता से नेता बने विजय की राजनीति में एंट्री के बाद यह पहली बार है जब उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी से औपचारिक मुलाकात की है। इस बैठक पर अब राजनीतिक गलियारों की नजरें टिकी हुई हैं।
Chief Minister of Tamil Nadu, Thiru @actorvijay met Prime Minister @narendramodi today.@CMOTamilnadu pic.twitter.com/xwE8THhDEV
— PMO India (@PMOIndia) May 27, 2026