फरवरी में ही छूटने लगे पसीने! इन राज्यों में 37 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचा तापमान

Delhi NCR: दिल्ली-एनसीआर समेत पूरे उत्तर भारत में तापमान लगातार बढ़ रहा है. इसकी वजह से फरवरी महीने में ही लोगों को गर्मी का अहसास हो रहा है.

  • Written By:
  • Publish Date - February 23, 2023 / 11:00 AM IST

Delhi NCR: दिल्ली-एनसीआर समेत पूरे उत्तर भारत में तापमान लगातार बढ़ रहा है. इसकी वजह से फरवरी महीने में ही लोगों को गर्मी का अहसास हो रहा है. दिल्ली में तापमान 29 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है. मौसम विभाग के अनुसार आज का अधिकतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस और आज का न्यूनतम तापमान 13 डिग्री सेल्सियस तक रहने की संभावना है. दिल्ली एनसीआर में आज आसमान साफ रहेगा. दिल्ली में औसतन एक्यूआई 301 है, इसका मतलब है कि प्रदूषण बहुत खराब श्रेणी में है.नोएडा का औसतन एक्यूआई 336, गाजियाबाद में एक्यूआई 224, फरीदाबाद में 249 और गुरुग्राम का औसतन एक्यूआई 331 दर्ज किया गया.

इससे पहले दिल्ली और इसके निकटवर्ती इलाकों में बुधवार सुबह घना कोहरा छाया रहा, जो इस महीने में असामान्य बात है. दिल्ली में न्यूनतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री सेल्सियस अधिक 14.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. अधिकतम तापमान 29.3 डिग्री सेल्सियस रहा जो सामान्य से पांच डिग्री अधिक है.राष्ट्रीय राजधानी के प्रमुख मौसम केंद्र सफदरजंग वेधशाला में सोमवार को अधिकतम तापमान सामान्य से नौ डिग्री अधिक 33.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था और यह 1969 के बाद से फरवरी का तीसरा सबसे गर्म दिन रहा.

इन राज्यों में गर्मी से छूटने लगे पसीने

फरवरी महीने में ही कई राज्यों में गर्मी से लोगों के पसीने छूटने लगे हैं. मौसम विभाग ने बताया कि गुजरात, महाराष्ट्र, तेलंगाना, ओडिशा और मध्य प्रदेश व छत्तीसगढ़ में अगले 24 घंटे में अधिकतम तापमान 35-37 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया जा सकता है. वहीं, न्यूनतम तापमान 3-5 डिग्री सेल्सियस अधिक दर्ज किया जा सकता है.