असम में रिकॉर्ड 85.38% मतदान, पुडुचेरी में करीब 90%; केरल में 49 साल में दूसरी सबसे ज्यादा वोटिंग

केरल में 78.01% मतदान हुआ, जो पिछले 49 सालों में दूसरा सबसे ज्यादा है। इससे पहले 1977 में यहां रिकॉर्ड 79.2% वोटिंग दर्ज की गई थी।

  • Written By:
  • Publish Date - April 9, 2026 / 11:43 PM IST

नई दिल्ली: Assam, Kerala और Puducherry में गुरुवार (9 अप्रैल) को विधानसभा चुनाव के लिए शाम 6 बजे तक मतदान हुआ। चुनाव आयोग के अनुसार रात 8 बजे तक असम में 85.38% मतदान दर्ज किया गया, जो राज्य के इतिहास में अब तक का सबसे अधिक आंकड़ा है।

केरल में 78.01% मतदान हुआ, जो पिछले 49 सालों में दूसरा सबसे ज्यादा है। इससे पहले 1977 में यहां रिकॉर्ड 79.2% वोटिंग दर्ज की गई थी। वहीं पुडुचेरी में 89.81% मतदान हुआ, जो काफी ऊंचा माना जा रहा है।

असम में मतदान के दौरान हिंसा की घटनाएं भी सामने आईं, जिसमें करीब 30 लोग घायल हो गए और सात लोगों को गिरफ्तार किया गया। श्रीभूमि जिले के पथारकंडी में कांग्रेस और भाजपा समर्थकों के बीच हुई झड़प में लगभग 25 लोग घायल हुए, जिनमें दो की हालत गंभीर बताई जा रही है।

पुडुचेरी के मन्नादिपेट इलाके में भी कांग्रेस और भाजपा समर्थकों के बीच झड़प हुई, जिसके बाद पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करने के लिए लाठीचार्ज किया।

मतदान के दौरान कई प्रमुख नेताओं ने भी अपने मताधिकार का प्रयोग किया। असम के मुख्यमंत्री Himanta Biswa Sarma ने गुवाहाटी में मां कामाख्या मंदिर में पूजा करने के बाद जालुकबाड़ी में वोट डाला। पुडुचेरी के मुख्यमंत्री N. Rangaswamy बाइक से पोलिंग बूथ पहुंचे और मतदान किया। वहीं केरल में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता A. K. Antony ने तिरुवनंतपुरम में वोट डाला।

असम में 126 सीटों पर 41 पार्टियों के 722 उम्मीदवार मैदान में हैं। केरल में 140 सीटों के लिए 2.71 करोड़ मतदाता 890 उम्मीदवारों के बीच अपने प्रतिनिधि का चयन कर रहे हैं। वहीं पुडुचेरी में 30 सीटों के लिए मतदान हुआ।