नई दिल्ली: 2025 बिहार विधानसभा चुनाव के एग्जिट पोल (exit polls) के नतीजों में एनडीए (भाजपा, जदयू और सहयोगी दलों) की जोरदार जीत की भविष्यवाणी की गई है। अलग-अलग सर्वेक्षणों के संयुक्त आंकड़ों के अनुसार, एनडीए को कुल 243 में से 147 सीटें मिलने का अनुमान है, जबकि राजद-कांग्रेस महागठबंधन को मात्र 90 सीटें मिलने की संभावना जताई गई है।
प्रशांत किशोर की नई पार्टी जन सुराज, जिससे उम्मीद की जा रही थी कि वह चुनाव में किंगमेकर की भूमिका निभा सकती है, एग्जिट पोल्स के मुताबिक पूरी तरह फ्लॉप होती दिख रही है। ज्यादातर सर्वेक्षणों ने जन सुराज को एक भी सीट नहीं दी है, जबकि कुछ ने अधिकतम एक से दो सीटें मिलने की संभावना जताई है।
एग्जिट पोल्स के प्रमुख आंकड़े:
P-Marq के अनुसार एनडीए को 142–162 सीटें, महागठबंधन को 98 तक और जन सुराज को 1–4 सीटें मिल सकती हैं।
TIF Research ने एनडीए को 145–163 और विपक्ष को 76–95 सीटों के बीच बताया है।
दैनिक भास्कर और Matrize ने एनडीए को 145–167 सीटों के बीच जीतने का अनुमान लगाया है, जबकि महागठबंधन को केवल 70–90 सीटें दी हैं।
People’s Insight और People’s Pulse ने भी एनडीए की वापसी की भविष्यवाणी की है, हालांकि सीटों की संख्या 133–159 के बीच बताई गई है।
JVC और DV Research ने एनडीए को 135–150 सीटें मिलने की बात कही है, जबकि Chanakya Strategies के अनुसार एनडीए को 130–138 और महागठबंधन को 100–108 सीटें मिल सकती हैं।
किसी भी सर्वेक्षण ने जन सुराज पार्टी को 5 से ज्यादा सीटें नहीं दी हैं, जबकि कुछ ने शून्य बताया है।
बिहार विधानसभा में बहुमत का आंकड़ा 122 सीटों का है। एग्जिट पोल्स के अनुसार, एनडीए इस आंकड़े से काफी आगे जाकर सरकार बनाने की स्थिति में है।
मतदान प्रतिशत:
इस बार बिहार में मतदान का उत्साह भी रिकॉर्ड स्तर पर रहा। पहले चरण में 65% से अधिक मतदान, और आज शाम 5 बजे तक 67% से ज्यादा वोटिंग दर्ज की गई।