नई दिल्ली: भारतीय जनता पार्टी (BJP – Bharatiya Janata Party) और राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA – National Democratic Alliance) ने अब 2029 लोकसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज कर दी हैं। असम में तीसरी बार NDA सरकार बनने और पश्चिम बंगाल, बिहार व उत्तर प्रदेश में सरकार और संगठन स्तर पर हुए बदलावों के बाद अब सबकी नजरें केंद्रीय कैबिनेट (Central Cabinet) में संभावित फेरबदल और BJP के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन की नई टीम पर टिकी हैं।
असम की राजधानी गुवाहाटी में आयोजित भव्य शपथ ग्रहण समारोह में हिमंता बिस्वा सरमा ने लगातार तीसरी बार मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। इस कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, कई केंद्रीय मंत्री, विभिन्न राज्यों के मुख्यमंत्री और NDA सहयोगी दलों के नेता मौजूद रहे। हिमंता सरमा के साथ चार मंत्रियों ने भी शपथ ली। इससे पहले 9 मई को कोलकाता में पश्चिम Bengal में पहली BJP सरकार का शपथ ग्रहण हुआ था। वहीं बिहार और उत्तर प्रदेश में भी NDA सरकारों के मंत्रिमंडल का विस्तार किया जा चुका है।
इन राजनीतिक घटनाक्रमों के बीच अब चर्चा केंद्रीय मंत्रिपरिषद में संभावित बदलावों को लेकर तेज हो गई है। इस महीने 26 मई को केंद्र में पहली मोदी सरकार के 12 साल पूरे हो जाएंगे, जबकि अगले महीने 9 जून को मोदी 3.0 सरकार के दो साल पूरे होने जा रहे हैं। ऐसे में माना जा रहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जल्द ही कैबिनेट विस्तार या बड़ा फेरबदल कर सकते हैं।
यदि पिछले कार्यकालों का रिकॉर्ड देखें तो प्रधानमंत्री मोदी ने अपने पहले कार्यकाल में नवंबर 2014 में पहला मंत्रिमंडल विस्तार किया था। इसके बाद जुलाई 2016 और सितंबर 2017 में बड़े बदलाव किए गए थे। दूसरे कार्यकाल में जुलाई 2021 में कैबिनेट विस्तार हुआ था, जबकि मई 2023 में विभागों का फेरबदल किया गया था। अब तीसरे कार्यकाल में भी दो साल पूरे होने के करीब हैं, इसलिए राजनीतिक गलियारों में चर्चाएं तेज हैं।
फिलहाल केंद्र सरकार में कुल 72 मंत्री हैं, जबकि संवैधानिक रूप से अधिकतम 81 मंत्री बनाए जा सकते हैं। ऐसे में कुछ नए चेहरों को मंत्रिमंडल में जगह मिलने की संभावना जताई जा रही है। वहीं प्रदर्शन और राजनीतिक समीकरणों के आधार पर कुछ मौजूदा मंत्रियों की छुट्टी भी हो सकती है। माना जा रहा है कि अगले साल होने वाले सात राज्यों के विधानसभा चुनावों को ध्यान में रखते हुए क्षेत्रीय और जातीय संतुलन साधने पर खास फोकस रहेगा।
इसी के साथ BJP अध्यक्ष नितिन नवीन की नई टीम को लेकर भी पार्टी के अंदर चर्चाएं तेज हो गई हैं। नितिन नवीन 20 जनवरी को BJP के राष्ट्रीय अध्यक्ष चुने गए थे और अब वे जल्द अपनी संगठनात्मक टीम की घोषणा कर सकते हैं। पार्टी सूत्रों के अनुसार टीम गठन को लेकर लगभग पूरा होमवर्क किया जा चुका है।
बताया जा रहा है कि नितिन नवीन युवा नेतृत्व को आगे बढ़ाने पर जोर दे सकते हैं। उनकी टीम में अनुभवी नेताओं के साथ-साथ 50 साल से कम उम्र के युवा नेताओं को प्राथमिकता मिलने की संभावना है। पार्टी आने वाले वर्षों के लिए नई पीढ़ी का नेतृत्व तैयार करने की रणनीति पर काम कर रही है।
सूत्रों के मुताबिक BJP के राष्ट्रीय महासचिव पदों पर कई नए चेहरों को मौका मिल सकता है। इनमें राज्यों में सक्रिय नेताओं को राष्ट्रीय राजनीति में लाने की तैयारी है। संगठन में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने पर भी फोकस रहेगा। माना जा रहा है कि महिला आरक्षण और महिला नेतृत्व को लेकर मोदी सरकार की पहल को मजबूत करने के लिए नई टीम में महिलाओं को विशेष महत्व दिया जा सकता है।