तेलंगाना दौरे पर भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन ने भद्रकाली मंदिर में की पूजा, प्रदेश की खुशहाली की कामना

मंदिर में दर्शन के बाद नितिन नवीन ने कहा कि मां भद्रकाली का आशीर्वाद सभी के जीवन में शक्ति और समृद्धि लेकर आए।

  • Written By:
  • Publish Date - June 29, 2026 / 09:21 PM IST

वारंगल (तेलंगाना): भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन (Nitin Nabin) ने अपने तेलंगाना दौरे के दौरान सोमवार को प्रसिद्ध भद्रकाली मंदिर (Bhadrakali Temple) में पूजा-अर्चना की। इस दौरान उन्होंने प्रदेश की सुख-समृद्धि और देश के कल्याण की कामना की। उनके साथ प्रदेश भाजपा अध्यक्ष रामचंद्र राव सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेता भी मौजूद रहे।

मंदिर में दर्शन के बाद नितिन नवीन ने कहा कि मां भद्रकाली का आशीर्वाद सभी के जीवन में शक्ति और समृद्धि लेकर आए। उन्होंने कहा कि भाजपा देश की सांस्कृतिक और धार्मिक विरासत के संरक्षण के लिए लगातार काम कर रही है तथा ऐतिहासिक और आस्था के केंद्रों को बढ़ावा देना पार्टी की प्राथमिकताओं में शामिल है।

उन्होंने कहा कि तेलंगाना के विकास के लिए भाजपा पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। पार्टी का लक्ष्य राज्य में संगठन को और मजबूत करना तथा जनता के बीच अपनी पहुंच बढ़ाना है। नितिन नवीन ने विश्वास जताया कि भविष्य में तेलंगाना में डबल इंजन सरकार बनने पर विकास कार्यों को नई गति मिलेगी।

भाजपा अध्यक्ष का यह दौरा संगठनात्मक गतिविधियों को मजबूत करने के उद्देश्य से आयोजित किया गया है। अपने तीन दिवसीय तेलंगाना प्रवास के दौरान वे विभिन्न कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे, पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से मुलाकात करेंगे तथा संगठन विस्तार को लेकर बैठकें भी करेंगे।