तमिलनाडु की राजनीति में बड़ा भूचाल! BJP छोड़ सकते हैं के. अन्नामलाई, नई पार्टी बनाने की अटकलें तेज

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, अन्नामलाई जल्द ही बीजेपी नेतृत्व के वरिष्ठ नेताओं से मुलाकात कर सकते हैं। इसके बाद उनके भविष्य को लेकर बड़ा फैसला सामने आ सकता है।

  • Written By:
  • Publish Date - June 1, 2026 / 10:48 PM IST

चेन्नई (तमिलनाडु): तमिलनाडु की राजनीति में बड़ा राजनीतिक (Political) घटनाक्रम सामने आ सकता है। भारतीय जनता पार्टी (BJP) के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष के. अन्नामलाई (K. Annamalai) के पार्टी छोड़ने और नई राजनीतिक पार्टी (Political Party) बनाने की अटकलें तेज हो गई हैं। सूत्रों के मुताबिक अन्नामलाई बीजेपी नेतृत्व से नाराज बताए जा रहे हैं और उनका मानना है कि पार्टी में उनके लिए भविष्य और अवसर सीमित हैं।

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, अन्नामलाई जल्द ही बीजेपी नेतृत्व के वरिष्ठ नेताओं से मुलाकात कर सकते हैं। इसके बाद उनके भविष्य को लेकर बड़ा फैसला सामने आ सकता है। सूत्रों का दावा है कि अन्नामलाई को राज्यसभा सीट की पेशकश भी की गई थी, लेकिन उन्होंने इसे स्वीकार नहीं किया।

बताया जा रहा है कि अन्नामलाई पहले एक जन आंदोलन शुरू कर सकते हैं और बाद में उसे राजनीतिक दल का रूप दिया जा सकता है। हाल ही में कोयंबटूर समेत कई इलाकों में उनके समर्थन में पोस्टर लगाए गए हैं, जिनमें उन्हें नेतृत्व संभालने की अपील की गई है। इन पोस्टरों के बाद नई पार्टी को लेकर चर्चाएं और तेज हो गई हैं।

सोमवार को चेन्नई एयरपोर्ट पर पत्रकारों ने जब अन्नामलाई से नई पार्टी बनाने को लेकर सवाल पूछा तो उन्होंने सीधे इनकार नहीं किया। उन्होंने कहा कि “दो दिन इंतजार कीजिए, फिर बात करेंगे।” उनके इस बयान के बाद राजनीतिक गलियारों में अटकलों का दौर और बढ़ गया है।

अन्नामलाई पूर्व आईपीएस अधिकारी हैं और वर्ष 2020 में राजनीति में आए थे। 2021 में उन्हें तमिलनाडु बीजेपी का प्रदेश अध्यक्ष बनाया गया था। हाल के चुनावी प्रदर्शन के बाद पार्टी के भीतर कई तरह की चर्चाएं शुरू हुई थीं, जिसके बाद उनके भविष्य को लेकर अटकलें लगातार जारी हैं।

कुछ रिपोर्ट्स में दावा किया गया है कि बीजेपी नेतृत्व उन्हें राष्ट्रीय स्तर पर बड़ी जिम्मेदारी देना चाहता था, जबकि कुछ सूत्रों का कहना है कि अन्नामलाई अपनी अलग राजनीतिक पहचान बनाने की दिशा में आगे बढ़ सकते हैं। हालांकि, उनके पार्टी छोड़ने या नई पार्टी बनाने को लेकर अभी तक कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है।