बिहार एनडीए में सीट बंटवारा तय, जेडीयू को एक सीट ज्यादा

सूत्रों के अनुसार लोक जनशक्ति पार्टी रामविलास को 24 सीटें दी जाएंगी। जीतन राम मांझी की हम पार्टी को 10 सीटें और उपेंद्र कुशवाहा की आरएलएसपी को 6 सीटें मिलने की संभावना है।

  • Written By:
  • Publish Date - October 8, 2025 / 01:22 PM IST

पटना: बिहार में विधानसभा चुनाव (Bihar elections) की तैयारियों के बीच एनडीए गठबंधन में सीटों के बंटवारे का फार्मूला लगभग तय हो गया है। कुल 243 सीटों में से भाजपा और जेडीयू मिलकर 203 सीटों पर चुनाव लड़ेंगी। बाकी 40 सीटें अन्य सहयोगी दलों को दी जाएंगी। इस बार भी जेडीयू को भाजपा से एक सीट ज्यादा मिल सकती है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की पार्टी जेडीयू 102 सीटों पर जबकि भाजपा 101 सीटों पर चुनाव लड़ेगी।

सूत्रों के अनुसार लोक जनशक्ति पार्टी रामविलास को 24 सीटें दी जाएंगी। जीतन राम मांझी की हम पार्टी को 10 सीटें और उपेंद्र कुशवाहा की आरएलएसपी को 6 सीटें मिलने की संभावना है। मांझी और कुशवाहा को मिलने वाली सीटें भाजपा अपने हिस्से से देगी जबकि चिराग पासवान को मिलने वाली 24 सीटें भी भाजपा के खाते से ही तय की गई हैं।

हालांकि सीट बंटवारे का यह प्रस्ताव एनडीए के भीतर अंतिम दौर में है लेकिन सबसे बड़ी चुनौती चिराग पासवान की सहमति को लेकर बनी हुई है। उन्होंने हाल ही में 25 से 30 सीटों की मांग की थी और कुछ खास विधानसभा सीटों को लेकर सख्त रुख अपनाया था। एनडीए के सूत्रों का मानना है कि यह फार्मूला सभी दलों को संतुलन में रखता है लेकिन चिराग पासवान अगर सहमत नहीं हुए तो मामला फिर उलझ सकता है।

राजनीतिक हलकों में चर्चा है कि अगर चिराग इस प्रस्ताव को मान लेते हैं तो एनडीए के भीतर चल रही खींचतान थम सकती है। लेकिन अगर उन्होंने इनकार किया तो यह फार्मूला विवाद का कारण बन सकता है और एनडीए में फिर से नई तकरार शुरू हो सकती है।