(Syed Mustaq Ali Trophy) सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में रविवार को पंजाब के कप्तान अभिषेक शर्मा ने हैदराबाद में बंगाल के खिलाफ 148 रनों की विस्फोटक पारी खेलकर कई रिकॉर्ड तोड़ दिए। उन्होंने सिर्फ 12 गेंद में फिफ्टी और 32 गेंद में शतक पूरा किया। इस दौरान अभिषेक ने 16 छक्के लगाए, जो मेंस टी-20 क्रिकेट में तीसरा सबसे तेज अर्धशतक और भारतीय खिलाड़ियों में दूसरा सबसे तेज है।
अभिषेक ने 425 की स्ट्राइक रेट से 12 गेंद में 5 चौके और 5 छक्के लगाकर अर्धशतक पूरा किया। शतक के लिए उन्होंने कुल 7 चौके और 11 छक्के जड़े। उनकी 52 गेंद की 148 रन की पारी में 8 चौके और 16 छक्के शामिल थे।
उन्होंने प्रभसिमरन सिंह के साथ 205 रन की साझेदारी की, जिसकी मदद से पंजाब ने 20 ओवर में 5 विकेट पर 310 रन बनाए। प्रभसिमरन ने 70 रन, रमनदीप सिंह ने 39 रन और सनवीर सिंह ने 22 रन जोड़े।
मेंस टी-20 में सबसे तेज फिफ्टी नेपाल के दिपेंद्र सिंह ऐरी ने 9 गेंद में बनाई थी। भारत के अशुतोष शर्मा 11 गेंद वाली फिफ्टी के साथ दूसरे स्थान पर हैं। अभिषेक ने 12 गेंद वाली फिफ्टी लगाकर युवराज सिंह के क्लब में जगह बनाई, जिन्होंने 2007 टी-20 वर्ल्ड कप में 12 गेंद में अर्धशतक बनाया था।