धर्मशाला, हिमाचल प्रदेश: आईपीएल 2026 (IPL 2026) में पंजाब किंग्स (Punjab Kings) की खराब फॉर्म जारी है। सोमवार को धर्मशाला के एचपीसीए स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में दिल्ली कैपिटल्स (Delhi Capitals) ने पंजाब को 3 विकेट से हरा दिया। पंजाब की यह लगातार चौथी हार है, जिससे टीम की प्लेऑफ (Playoff) की उम्मीदों को बड़ा झटका लगा है।
मैच में दिल्ली ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए पंजाब किंग्स ने 20 ओवर में 5 विकेट खोकर 210 रन का बड़ा स्कोर बनाया। टीम के कप्तान श्रेयस अय्यर ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 36 गेंदों में नाबाद 59 रन बनाए। वहीं प्रियांश आर्या ने 33 गेंदों में 56 रन की तेज पारी खेली।
कूपर कोनोली ने 38 रन बनाए, जबकि सूर्यांश शेडगे ने आखिर में 8 गेंदों पर नाबाद 21 रन जोड़कर टीम को मजबूत स्कोर तक पहुंचाया। प्रभसिमरन सिंह ने 18 रन का योगदान दिया।
दिल्ली की ओर से मिचेल स्टार्क और युवा गेंदबाज माधव तिवारी ने 2-2 विकेट लिए। मुकेश कुमार को एक सफलता मिली।
211 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी दिल्ली कैपिटल्स की शुरुआत अच्छी नहीं रही, लेकिन कप्तान अक्षर पटेल और डेविड मिलर ने पारी संभाल ली। अक्षर पटेल ने 56 रन की अहम पारी खेली, जबकि डेविड मिलर ने 51 रन बनाकर टीम को मैच में बनाए रखा।
आखिरी ओवरों में आशुतोष शर्मा ने तेज बल्लेबाजी करते हुए दिल्ली को जीत तक पहुंचाया। दिल्ली ने 19वें ओवर में 7 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया।
दिल्ली की ओर से ट्रिस्टन स्टब्स ने 12, साहिल परख ने 13, केएल राहुल ने 9 और अभिषेक पोरेल ने 5 रन बनाए।
पंजाब किंग्स की टीम में प्रियांश आर्या, प्रभसिमरन सिंह, कूपर कोनोली, श्रेयस अय्यर, मार्कस स्टोयनिस, सूर्यांश शेडगे, शशांक सिंह, मार्को यानसन, बेन ड्वारशुइस, अर्शदीप सिंह और युजवेंद्र चहल शामिल रहे।
दिल्ली कैपिटल्स की प्लेइंग इलेवन में अभिषेक पोरेल, केएल राहुल, साहिल परख, ट्रिस्टन स्टब्स, डेविड मिलर, अक्षर पटेल, माधव तिवारी, मिचेल स्टार्क, मुकेश कुमार, आकिब नबी और लुंगी एनगिडी शामिल थे। आशुतोष शर्मा इम्पैक्ट प्लेयर के तौर पर खेले।