मुल्लांपुर (पंजाब): सनराइजर्स हैदराबाद (Sunrisers Hyderabad) आईपीएल 2026 से बाहर हो गई है। एलिमिनेटर मुकाबले में राजस्थान रॉयल्स (Rajasthan Royals) ने हैदराबाद को 47 रन से हराकर क्वालीफायर-2 में जगह बना ली। अब राजस्थान का मुकाबला 29 मई को न्यू चंडीगढ़ में गुजरात टाइटंस से होगा। इस मैच को जीतने वाली टीम 31 मई को अहमदाबाद में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के साथ फाइनल खेलेगी।
बुधवार को मुल्लांपुर के महाराजा यादविंद्र सिंह स्टेडियम में खेले गए मैच में राजस्थान ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 8 विकेट पर 243 रन बनाए। जवाब में हैदराबाद की टीम 19.2 ओवर में 196 रन बनाकर ऑलआउट हो गई।
राजस्थान को वैभव सूर्यवंशी और यशस्वी जायसवाल ने धमाकेदार शुरुआत दिलाई। दोनों ने पहले विकेट के लिए सिर्फ 7.6 ओवर में 125 रन जोड़े। वैभव सूर्यवंशी ने 29 गेंदों में 97 रन की विस्फोटक पारी खेली, जिसमें 5 चौके और 12 छक्के शामिल रहे। यशस्वी जायसवाल ने 29 रन बनाए। इसके बाद ध्रुव जुरेल ने 21 गेंदों में 50 रन ठोके, जबकि कप्तान रियान पराग ने 12 गेंदों में 26 रन बनाए। अंत में रवींद्र जडेजा 12 रन बनाकर नाबाद रहे।
हैदराबाद की ओर से प्रफुल हिंगे सबसे सफल गेंदबाज रहे। उन्होंने 4 ओवर में 54 रन देकर 3 विकेट लिए। ईशान मलिंगा, शिवांग कुमार और नीतीश कुमार रेड्डी को 1-1 विकेट मिला। वहीं कप्तान पैट कमिंस महंगे साबित हुए और 4 ओवर में 64 रन खर्च किए।
राजस्थान रॉयल्स की प्लेइंग इलेवन में यशस्वी जायसवाल, वैभव सूर्यवंशी, ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर), रियान पराग (कप्तान), डोनोवन फरेरा, दासुन शनाका, रवींद्र जडेजा, जोफ्रा आर्चर, नांद्रे बर्गर, यश राज पुंजा और बृजेश शर्मा शामिल रहे।
हैदराबाद की टीम में अभिषेक शर्मा, ट्रैविस हेड, ईशान किशन (विकेटकीपर), हेनरिक क्लासन, स्मरण रविचंद्रन, नीतीश कुमार रेड्डी, पैट कमिंस (कप्तान), हर्षल पटेल, शिवांग कुमार, ईशान मलिंगा, साकिब हुसैन और प्रफुल हिंगे शामिल रहे।
How about that for a celebration from Ravindra Jadeja? 👀#TATAIPL | #Eliminator | #TheFinalLeap | #SRHvRR pic.twitter.com/PQkLbVVEBZ
— IndianPremierLeague (@IPL) May 27, 2026