नई दिल्ली: आईपीएल (IPL) 2026 में पंजाब किंग्स ने इतिहास (History) रचते हुए सबसे बड़ा रन चेज (Run Chase) पूरा कर लिया। टीम ने दिल्ली कैपिटल्स को 6 विकेट से हराते हुए 265 रन का विशाल लक्ष्य हासिल किया। अरुण जेटली स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में पंजाब ने 18.5 ओवर में 4 विकेट खोकर जीत दर्ज की, जो IPL इतिहास का सबसे बड़ा सफल लक्ष्य पीछा है।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए दिल्ली ने 2 विकेट पर 264 रन बनाए। टीम की ओर से केएल राहुल ने शानदार नाबाद 152 रन की पारी खेली। इसके साथ ही वह IPL में 150+ रन बनाने वाले पहले भारतीय बल्लेबाज बन गए। इससे पहले यह रिकॉर्ड अभिषेक शर्मा के नाम था, जिन्होंने 141 रन बनाए थे।
राहुल के अलावा नीतीश राणा ने 91 रन बनाए। दोनों के बीच दूसरे विकेट के लिए 220 रन की बड़ी साझेदारी हुई, जिससे दिल्ली ने विशाल स्कोर खड़ा किया।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी पंजाब की शुरुआत धमाकेदार रही। ओपनर प्रभसिमरन सिंह ने 26 गेंदों पर 76 रन बनाए, जबकि कप्तान श्रेयस अय्यर ने 36 गेंदों पर नाबाद 71 रन की पारी खेली। प्रियांश आर्या ने भी 43 रन का अहम योगदान दिया। प्रभसिमरन और प्रियांश के बीच पहले विकेट के लिए 126 रन की साझेदारी हुई, जिसने जीत की नींव रखी।
दिल्ली की ओर से कुलदीप यादव ने 2 विकेट लिए, जबकि अक्षर पटेल और विप्रज निगम को 1-1 सफलता मिली।
मैच के दौरान एक चिंताजनक घटना भी सामने आई, जब दिल्ली के तेज गेंदबाज लुंगी एनगिडी पंजाब की पारी के तीसरे ओवर में चोटिल हो गए। मेडिकल टीम ने तुरंत मैदान पर पहुंचकर इलाज किया और उन्हें एंबुलेंस से अस्पताल ले जाया गया। करीब 15 मिनट तक खेल रुका रहा। बाद में जानकारी दी गई कि एनगिडी की हालत अब खतरे से बाहर है।
इस जीत के साथ पंजाब किंग्स ने 7 मैचों में लगातार 7वीं जीत दर्ज कर पॉइंट्स टेबल में शीर्ष स्थान हासिल कर लिया है, जबकि दिल्ली कैपिटल्स की यह 7 मैचों में चौथी हार रही।