IND vs NZ फाइनल से पहले बयानबाजी तेज: सूर्यकुमार यादव ने संतनेर को दिया जवाब—‘सब वही लाइन बोल रहे हैं’

सूर्यकुमार यादव ने यह भी कहा कि वर्ल्ड कप फाइनल में टीम की कप्तानी करना उनके लिए खास पल है।

  • Written By:
  • Publish Date - March 7, 2026 / 09:21 PM IST

अहमदाबाद (गुजरात): टी20 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल से पहले भारत और न्यूजीलैंड के बीच बयानबाजी भी तेज हो गई है। न्यूजीलैंड के कप्तान मिचेल संतनेर (Mitchell Santner) के अहमदाबाद की भीड़ को शांत करने वाले बयान पर भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव (Suryakumar Yadav) ने मजाकिया अंदाज में जवाब दिया। उन्होंने कहा कि अब लगभग सभी खिलाड़ी एक जैसी ही लाइन बोल रहे हैं।

दरअसल, न्यूजीलैंड के कप्तान संतनेर ने फाइनल मुकाबले से पहले कहा था कि उनकी टीम का लक्ष्य अहमदाबाद के स्टेडियम में मौजूद भारतीय दर्शकों को शांत करना है। उनका कहना था कि भारत पर घरेलू मैदान पर खिताब जीतने का दबाव रहेगा और उनकी टीम इस चुनौती का फायदा उठाना चाहती है।

इस बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में हल्के अंदाज में कहा, “सब ही सेम लाइन चिपका रहे हैं, कुछ नया बोलो।” उन्होंने संकेत दिया कि बड़े मैच से पहले इस तरह के बयान आम हो गए हैं और अब यह एक तरह की परंपरा जैसा बन गया है।

सूर्यकुमार यादव ने यह भी कहा कि वर्ल्ड कप फाइनल में टीम की कप्तानी करना उनके लिए खास पल है। उन्होंने माना कि इतने बड़े मुकाबले से पहले थोड़ा दबाव और उत्साह दोनों महसूस होता है, लेकिन यही क्रिकेट का मजा भी है।

भारत ने सेमीफाइनल में इंग्लैंड को हराकर फाइनल में जगह बनाई है और अब 8 मार्च को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में न्यूजीलैंड से खिताबी मुकाबला खेलेगा। अगर भारत यह मैच जीतता है तो वह लगातार दूसरा टी20 वर्ल्ड कप खिताब जीतने वाली पहली टीम बन सकती है।