विराट कोहली का इंस्टाग्राम अकाउंट अचानक हुआ गायब, कुछ घंटे बाद फिर दिखा, फैंस में मची हलचल

By : hashtagu, Last Updated : January 30, 2026 | 9:55 am

मुंबई। भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार बल्लेबाज विराट कोहली (Virat Kohli) का इंस्टाग्राम अकाउंट (Instagram Account) गुरुवार देर रात अचानक गायब हो गया। कोहली का वेरिफाइड प्रोफाइल (Verified Profile), जिसके करोड़ों फॉलोअर्स (Followers) हैं, सर्च करने पर नजर नहीं आया और “प्रोफाइल उपलब्ध नहीं है” का मैसेज दिखने लगा। इसके बाद सोशल मीडिया (Social Media) पर उनके फैंस के बीच अफरा-तफरी मच गई।

अकाउंट के अचानक गायब होने के बाद फैंस ने सवाल उठाने शुरू कर दिए कि क्या विराट कोहली ने खुद अपना अकाउंट डिएक्टिवेट (Deactivate) कर दिया है, या फिर यह किसी तकनीकी खराबी (Technical Glitch) का मामला है। कुछ लोगों ने अकाउंट हैक होने की भी आशंका जताई, हालांकि इस दौरान विराट कोहली, उनकी टीम या इंस्टाग्राम की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया।

कई फैंस ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर चिंता जाहिर की, वहीं कुछ यूजर्स ने विराट कोहली की पत्नी अनुष्का शर्मा के अकाउंट पर भी कमेंट कर अकाउंट के बारे में जानकारी पूछी। मामला तेजी से ट्रेंड करने लगा और क्रिकेट जगत में चर्चा का विषय बन गया।

कुछ घंटों बाद विराट कोहली का इंस्टाग्राम अकाउंट फिर से एक्टिव नजर आने लगा। अकाउंट वापस आने के बाद उनके सभी पोस्ट और फॉलोअर्स पहले की तरह सुरक्षित दिखे। इससे फैंस ने राहत की सांस ली। हालांकि अब तक यह साफ नहीं हो पाया है कि अकाउंट के अचानक गायब होने की वजह क्या थी।

फिलहाल इस पूरे घटनाक्रम को तकनीकी समस्या माना जा रहा है, लेकिन आधिकारिक पुष्टि न होने के कारण अटकलों का दौर जारी है।