गुवाहाटी, असम: महिला वनडे वर्ल्ड कप 2025 (World Cup 2025) का आगाज आज से हो रहा है। टूर्नामेंट का पहला मुकाबला मेजबान भारत और श्रीलंका के बीच गुवाहाटी के बरसापारा क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा। मैच दोपहर 3 बजे शुरू होगा जबकि टॉस 2:30 बजे किया जाएगा। दोनों टीमें अपना पहला खिताब जीतने की कोशिश में उतरेंगी।
भारतीय महिला टीम अब तक दो बार वनडे वर्ल्ड कप के फाइनल में पहुंच चुकी है। साल 2005 और 2017 में टीम इंडिया ने खिताबी मुकाबले खेले लेकिन जीत नहीं पाई। पिछली बार टीम सेमीफाइनल तक भी नहीं पहुंच सकी थी। वहीं, श्रीलंकाई महिला टीम अब तक कभी फाइनल में नहीं पहुंची है और पिछली बार टूर्नामेंट के लिए क्वालिफाई भी नहीं कर पाई थी।
भारत और श्रीलंका के बीच अब तक वनडे में 35 मुकाबले खेले गए हैं। इनमें से भारत ने 31 बार जीत दर्ज की है जबकि श्रीलंका को केवल 3 बार जीत मिली है। एक मुकाबला बिना किसी नतीजे के खत्म हुआ था।
Mission #CWC25 starts today 🏆
All the best #TeamIndia 🇮🇳
🏟️ ACA Stadium, Guwahati
⏰ 03.00 PM IST
💻 https://t.co/oYTlePtFaz
📱 Official BCCI App#WomenInBlue | #INDvSL pic.twitter.com/HuIE8CWRvA— BCCI Women (@BCCIWomen) September 30, 2025
आज के मुकाबले में सभी की नजरें भारतीय टीम की स्टार बल्लेबाज स्मृति मंधाना पर होंगी। वे इस वक्त ICC की वनडे बैटिंग रैंकिंग में पहले स्थान पर हैं। 29 साल की मंधाना ने साल 2025 में अब तक 14 पारियों में 4 शतक और 3 अर्धशतक लगाए हैं। उनका औसत 62 रहा है।
गेंदबाजी में स्नेह राणा भारत की सबसे सफल गेंदबाज रही हैं। उन्होंने 2025 में सबसे ज्यादा विकेट लिए हैं और टीम की गेंदबाजी की कमान संभालती दिखेंगी।
श्रीलंका की तरफ से बल्लेबाजी में हर्षिता समरविक्रमा पर निगाहें रहेंगी। उन्होंने इस साल सबसे ज्यादा रन बनाए हैं और तीन अर्धशतक भी लगाए हैं। साउथ अफ्रीका के खिलाफ 77 रन की उनकी पारी श्रीलंका को जीत दिला चुकी है। गेंदबाजी में देवमी विहंगा सबसे सफल रही हैं और उन्होंने 2025 में टीम के लिए सबसे ज्यादा विकेट चटकाए हैं।
दोनों टीमों के पास अपने-अपने मैच विनर खिलाड़ी हैं और आज का मुकाबला रोमांचक होने की उम्मीद है। भारत घरेलू मैदान पर जीत के साथ टूर्नामेंट की शुरुआत करना चाहेगा।