रायपुर: रायपुर में 17 मार्च को प्रस्तावित विधानसभा घेराव को लेकर छत्तीसगढ़ कांग्रेस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी सिलसिले में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज (Deepak Baij) ने पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक की। बैठक में विधानसभा घेराव को सफल बनाने की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक के दौरान इस बात पर विशेष ध्यान दिया गया कि पुलिस बंदोबस्त के बीच प्रदर्शन को किस तरह संगठित और प्रभावी बनाया जाए। इसके साथ ही जिलाध्यक्षों और विधानसभा प्रभारियों को अपने अपने क्षेत्रों से अधिक से अधिक कार्यकर्ताओं की भागीदारी सुनिश्चित करने और कार्यक्रम के समन्वय की जिम्मेदारी सौंपी गई। कांग्रेस का दावा है कि 17 मार्च को होने वाले इस घेराव में प्रदेशभर से बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और आम लोग शामिल होंगे।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने बताया कि यह घेराव मनरेगा बचाओ संग्राम और प्रदेश से जुड़े कई जन मुद्दों को लेकर किया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रदर्शन के दौरान बिजली दरों में बढ़ोतरी, किसानों से किए गए वादों को पूरा नहीं करना, धान खरीदी में वादाखिलाफी और गैस सिलेंडर की कीमतों में वृद्धि जैसे मुद्दों को प्रमुखता से उठाया जाएगा।
दीपक बैज ने यह भी जानकारी दी कि इस कार्यक्रम में प्रदेश प्रभारी महासचिव सचिन पायलट समेत पार्टी के वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल होंगे। घेराव की तैयारियों को लेकर प्रदेश मुख्यालय में पहले भी दो बैठकें आयोजित की जा चुकी हैं और अब जिलों में भी लगातार बैठकें कर कार्यक्रम को मजबूत बनाने की कोशिश की जा रही है।
मनरेगा के मुद्दे को लेकर कांग्रेस का आंदोलन पहले से ही जारी है। दिल्ली में हुई पार्टी बैठक के बाद रायपुर में मनरेगा बचाओ संग्राम समिति की एक अहम बैठक भी आयोजित की गई थी। इस बैठक में प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज, पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, नेता प्रतिपक्ष चरणदास महंत, पूर्व मंत्री ताम्रध्वज साहू और पूर्व मंत्री उमेश पटेल सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे थे।
इस बैठक में आंदोलन को लेकर दो बड़े फैसले लिए गए थे। इसके तहत 30 जनवरी को प्रदेश, जिला और ब्लॉक स्तर पर चक्का जाम किया गया था। इसके बाद 31 जनवरी से 7 फरवरी तक प्रदेश के सभी जिलों के कलेक्ट्रेट में प्रदर्शन आयोजित किए गए। कांग्रेस का कहना है कि मनरेगा और अन्य जन मुद्दों को लेकर पार्टी का आंदोलन आगे भी जारी रहेगा और विधानसभा घेराव इसी अभियान का हिस्सा है।
आज रायपुर स्थित राजीव भवन में 17 मार्च को होने वाले विधानसभा घेराव के संबंध में बैठक आयोजित कर रणनीतियों पर विस्तार से चर्चा की गई और आगे की रूपरेखा तय की गई।
बैठक में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज जी, प्रभारी सचिव जरिता लैतफलांग जी, विजय जांगिड़ जी, एस सम्पत कुमार जी pic.twitter.com/u2TSWkz0sx
— INC Chhattisgarh (@INCChhattisgarh) March 16, 2026