चेन्नई (तमिलनाडु): तमिलनाडु (Tamil Nadu) के मुख्यमंत्री (Chief Minister) सी जोसेफ विजय (C Joseph Vijay) ने अपने करीबी ज्योतिषी (Astrologer) और टीवीके (TVK – Tamilaga Vettri Kazhagam) के प्रवक्ता राधन पंडित वेट्रीवेल को मुख्यमंत्री कार्यालय में ऑफिसर ऑन स्पेशल ड्यूटी (OSD – Officer on Special Duty) नियुक्त किया है। यह नियुक्ति ऐसे समय हुई है जब राधन पंडित की वह भविष्यवाणी फिर चर्चा में आ गई है, जिसमें उन्होंने एक साल पहले ही विजय और उनकी पार्टी की बड़ी जीत का दावा किया था।
मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से जारी पत्र में कहा गया है कि “रिकी राधन पंडित वेट्रीवेल” को मुख्यमंत्री (पॉलिटिकल) के लिए OSD नियुक्त किया गया है और यह आदेश जॉइनिंग की तारीख से लागू होगा। नियुक्ति से जुड़े बाकी नियम और शर्तें अलग से जारी की जाएंगी।
राधन पंडित चुनाव प्रचार के दौरान लगातार विजय के साथ दिखाई दिए थे। उन्होंने दावा किया था कि तमिलगा वेट्री कझगम पार्टी तमिलनाडु में बड़ी राजनीतिक जीत हासिल करेगी और विजय मुख्यमंत्री बनेंगे। चुनाव नतीजों के बाद उनकी यह भविष्यवाणी सही साबित हुई, जिसके बाद वह फिर सुर्खियों में आ गए।
हाल ही में हुए तमिलनाडु विधानसभा चुनाव में विजय की पार्टी टीवीके ने 234 में से 108 सीटें जीतीं। पार्टी पूर्ण बहुमत से थोड़ी दूर रह गई, लेकिन कांग्रेस, वीसीके और अन्य दलों के समर्थन से विजय ने सरकार बना ली और 10 मई 2026 को मुख्यमंत्री पद की शपथ ली।
राधन पंडित की नियुक्ति के बाद राजनीतिक हलकों में बहस शुरू हो गई है। कांग्रेस सांसद ससिकांत सेंथिल ने इस फैसले पर सवाल उठाते हुए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा कि “एक ज्योतिषी को OSD पद की जरूरत क्यों है?” इसके बाद यह मामला सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया।
इसी बीच मुख्यमंत्री विजय ने राज्य में बड़ा प्रशासनिक फैसला लेते हुए मंदिरों, शैक्षणिक संस्थानों और बस स्टैंड के 500 मीटर दायरे में मौजूद 717 TASMAC शराब दुकानों को बंद करने का आदेश भी दिया है। सरकार ने इन दुकानों को दो हफ्ते के भीतर बंद करने के निर्देश दिए हैं।