ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई के अंतिम संस्कार में उमड़ा जनसैलाब, राष्ट्रपति समेत शीर्ष नेता रो पड़े, अमेरिका-इजरायल को दी कड़ी चेतावनी

अंतिम संस्कार से पहले गुरुवार को ग्रैंड मोसल्ला धार्मिक परिसर में व्यापक तैयारियां की गईं। सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई और आसपास के क्षेत्रों में वाहनों की आवाजाही रोक दी गई।

  • Written By:
  • Publish Date - July 3, 2026 / 05:43 PM IST

तेहरान (ईरान): ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई (Khameneni) के अंतिम संस्कार (Funeral) के दौरान राजधानी तेहरान में भावुक (Emotional) माहौल देखने को मिला। राष्ट्रपति (President) मसूद पेजेशकियन, विदेश मंत्री (Foreign Minister) अब्बास अराघची और संसद अध्यक्ष (Parliament Speaker) मोहम्मद बाघेर गालिबाफ समेत कई शीर्ष नेता श्रद्धांजलि देते समय भावुक होकर रो पड़े। शुक्रवार को खामेनेई का पार्थिव शरीर तेहरान के ग्रैंड मोसल्ला धार्मिक परिसर पहुंचाया गया, जहां अंतिम दर्शन के लिए बड़ी संख्या में लोग जुटे।

अंतिम संस्कार से पहले गुरुवार को ग्रैंड मोसल्ला धार्मिक परिसर में व्यापक तैयारियां की गईं। सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई और आसपास के क्षेत्रों में वाहनों की आवाजाही रोक दी गई। बड़ी संख्या में लोग अंतिम संस्कार की तैयारियां देखने के लिए भी एकत्र हुए।

संसद अध्यक्ष मोहम्मद बाघेर गालिबाफ ने लोगों से अंतिम संस्कार में बड़ी संख्या में शामिल होने की अपील की। उन्होंने कहा कि भारी जनसमूह की मौजूदगी युद्ध के पहले दिन अमेरिका और इजरायल के हमलों में सर्वोच्च नेता की मौत का जवाब देने का एक प्रतीक होगी।

ईरानी अधिकारियों के अनुसार, अंतिम संस्कार में 1.5 करोड़ से 2 करोड़ लोगों के शामिल होने की संभावना है। यदि ऐसा होता है तो यह ईरान के इतिहास का सबसे बड़ा राजकीय अंतिम संस्कार होगा।

अंतिम संस्कार के मद्देनजर तेहरान के साथ-साथ पवित्र शहर क़ोम और मशहद में सार्वजनिक अवकाश घोषित किया गया है। तेहरान में शनिवार से सोमवार तक सभी सरकारी और निजी कार्यालय बंद रहेंगे। शहर के मध्य क्षेत्र में यातायात पर भी व्यापक प्रतिबंध लगाए गए हैं, जबकि तेहरान के हवाई क्षेत्र को शुक्रवार से आंशिक और सोमवार को पूरी तरह बंद रखने का फैसला किया गया है।

अयातुल्ला अली खामेनेई के अंतिम संस्कार की औपचारिक शुरुआत 4 जुलाई को तेहरान से होगी और 9 जुलाई को उनके पैतृक शहर मशहद में दफन के साथ यह प्रक्रिया पूरी होगी। इस दौरान क़ोम और इराक में भी श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

इस बीच ईरान ने अमेरिका और इजरायल को कड़ी चेतावनी दी है। खातम अल-अनबिया केंद्रीय मुख्यालय के कमांडर अली अब्दोल्लाही ने कहा कि ईरान के दुश्मन, विशेष रूप से अमेरिका और इजरायल, किसी भी तरह की गलतफहमी में न रहें। उन्होंने कहा कि यदि ईरान के खिलाफ कोई भी आक्रामक कदम उठाया गया तो उसकी सशस्त्र सेनाएं कड़ा और तत्काल जवाब देंगी।

इससे पहले ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने भी कहा था कि देश की जनता या नेतृत्व के खिलाफ किसी भी खतरे का तत्काल और निर्णायक जवाब दिया जाएगा। उनका यह बयान उस टिप्पणी के बाद आया, जिसमें इजरायल के रक्षा मंत्री इजरायल काट्ज़ ने ईरान के वर्तमान सर्वोच्च नेता मोजतबा खामेनेई को “मौत के निशाने पर” बताया था।