पाकिस्तान में ट्रेन पर बड़ा आतंकी हमला, धमाके में 24 की मौत; कई डिब्बे पलटे, 100 से ज्यादा घायल
By : hashtagu, Last Updated : May 25, 2026 | 12:54 am
By : hashtagu, Last Updated : May 25, 2026 | 12:54 am
क्वेटा: पाकिस्तान (Pakistan) के बलूचिस्तान (Balochistan) प्रांत में रविवार को एक बड़ा आतंकी (Terror) हमला हुआ। क्वेटा में सेना के जवानों और उनके परिवारों को ले जा रही एक शटल ट्रेन (Shuttle Train) में जोरदार धमाका हुआ, जिसमें कम से कम 24 लोगों की मौत हो गई जबकि 100 से ज्यादा लोग घायल बताए जा रहे हैं। धमाका इतना भीषण था कि ट्रेन के कई डिब्बे पटरी से उतर गए और आसपास की इमारतों व गाड़ियों को भी भारी नुकसान पहुंचा।
जानकारी के मुताबिक यह धमाका क्वेटा कैंट इलाके से निकली ट्रेन के चमन फाटक के पास पहुंचने पर हुआ। शुरुआती जांच में इसे आत्मघाती हमला माना जा रहा है। बताया जा रहा है कि विस्फोटकों से भरी एक गाड़ी ट्रेन के पास टकराई, जिसके बाद जोरदार धमाका हुआ। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और चारों तरफ धुएं का गुबार फैल गया।
धमाके के बाद ट्रेन का इंजन और तीन डिब्बे पटरी से उतर गए जबकि दो डिब्बे पलट गए। कई वाहन जल गए और पास की रिहायशी इमारतों की खिड़कियां टूट गईं। मौके पर सेना, पुलिस और रेस्क्यू टीमों को तैनात किया गया। घायलों को क्वेटा के अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहां कई लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है।
इस हमले की जिम्मेदारी बलूच लिबरेशन आर्मी यानी BLA ने ली है। संगठन ने इसे फिदायीन हमला बताया है। बलूचिस्तान लंबे समय से हिंसा और अलगाववादी गतिविधियों से प्रभावित रहा है। यहां सुरक्षा बलों, रेलवे और सरकारी प्रतिष्ठानों पर लगातार हमले होते रहे हैं।
पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने हमले की कड़ी निंदा की है। उन्होंने कहा कि निर्दोष लोगों को निशाना बनाने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। घटना के बाद पूरे इलाके को सुरक्षा घेराबंदी में ले लिया गया है और जांच एजेंसियां मामले की जांच में जुट गई हैं।