वेनेज़ुएला की राजधानी कराकस में भीषण विस्फोट, सरकार ने अमेरिका पर ‘सैन्य आक्रमण’ का आरोप लगाया
By : hashtagu, Last Updated : January 4, 2026 | 9:07 am
कराकस, वेनेजुएला: वेनेजुएला (Venezuala) की राजधानी कराकस में शुक्रवार देर रात कई जोरदार धमाकों से हड़कंप मच गया। स्थानीय समय के अनुसार रात करीब दो बजे एक के बाद एक कई विस्फोटों की आवाजें सुनी गईं, जिससे शहर के कई इलाकों में अफरा-तफरी फैल गई। धमाकों के बाद लोग डर के कारण घरों से बाहर निकल आए और कई जगहों पर बिजली आपूर्ति भी बाधित होने की खबर है।
वेनेजुएला सरकार ने इन धमाकों को अमेरिका द्वारा किया गया हमला बताया है। सरकार की ओर से जारी बयान में कहा गया कि यह देश की संप्रभुता पर सीधा हमला है और इसमें नागरिक व सैन्य ठिकानों को निशाना बनाया गया। सरकार के अनुसार कराकस के अलावा मिरांडा, अरागुआ और ला ग्वाइरा राज्यों में भी विस्फोट और संदिग्ध गतिविधियां दर्ज की गई हैं।
राष्ट्रपति निकोलस मादुरो ने घटना के बाद देश में आपात स्थिति की घोषणा करते हुए सेना और सुरक्षा बलों को पूरी तरह सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने जनता से शांति बनाए रखने और सरकार का साथ देने की अपील की है। मादुरो ने कहा कि वेनेजुएला किसी भी विदेशी आक्रमण का जवाब देने के लिए तैयार है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार धमाकों के समय कम ऊंचाई पर उड़ते विमानों की आवाज भी सुनाई दी, जिससे लोगों में दहशत और बढ़ गई। कई इलाकों में धुएं के गुबार भी देखे गए। फिलहाल नुकसान और हताहतों को लेकर आधिकारिक आंकड़े जारी नहीं किए गए हैं।
अमेरिका की ओर से इस घटना पर अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। वेनेजुएला सरकार ने अंतरराष्ट्रीय मंचों पर इस मुद्दे को उठाने और संयुक्त राष्ट्र में शिकायत दर्ज कराने की बात कही है। यह घटना अमेरिका और वेनेजुएला के बीच पहले से चल रहे तनाव के बीच सामने आई है।