छत्तीसगढ़ में बढ़ी कड़ाके की ठंड, रात का तापमान 2 डिग्री तक गिरने के आसार

By : hashtagu, Last Updated : January 4, 2026 | 8:57 am

रायपुर: छत्तीसगढ़ में ठंड का असर तेज हो गया है। राज्य के उत्तरी हिस्सों में शीतलहर ( cold wave) जैसी स्थिति बनी हुई है। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में न्यूनतम तापमान में करीब 2 डिग्री सेल्सियस तक और गिरावट आ सकती है। सरगुजा संभाग सबसे ठंडा बना हुआ है, जहां मैनपाट में न्यूनतम तापमान करीब 2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है।

अंबिकापुर में रात का तापमान 4.8 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है, जो सामान्य से काफी कम है। पेंड्रा रोड में न्यूनतम तापमान 6.8 डिग्री और बिलासपुर में करीब 11 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं रायपुर समेत मैदानी इलाकों में भी रात की ठंड बढ़ने लगी है।

मौसम विभाग का कहना है कि उत्तर भारत से आ रही ठंडी हवाओं के कारण छत्तीसगढ़ में सर्दी का असर बढ़ा है। हालांकि दिन के समय तापमान 25 से 28 डिग्री सेल्सियस के बीच बना हुआ है, जिससे धूप निकलने पर ठंड से थोड़ी राहत मिल रही है। सुबह और रात के समय ठंड ज्यादा महसूस की जा रही है।

अगले कुछ दिनों तक मौसम शुष्क बने रहने की संभावना है और बारिश के कोई आसार नहीं हैं। कुछ इलाकों में सुबह हल्का कोहरा या धुंध भी देखने को मिल सकती है। मौसम विभाग ने लोगों को ठंड से बचाव के लिए सावधानी बरतने की सलाह दी है।