बलौदा बाजार के किराना गोदाम में भीषण आग, करोड़ों का सामान जलकर राख; 10 दमकल गाड़ियां आग बुझाने में जुटीं

By : hashtagu, Last Updated : May 21, 2026 | 6:41 pm

बलौदा बाजार: छत्तीसगढ़ (Chhattisgarh) के बलौदा बाजार (Baloda Bazar) में लवन रोड स्थित एक किराना दुकान और गोदाम (Warehouse) में बुधवार-गुरुवार देर रात भीषण आग लग गई। आग इतनी भयावह थी कि कुछ ही देर में पूरे गोदाम को अपनी चपेट में ले लिया। ऊंची उठती आग की लपटों और दूर तक दिख रहे धुएं के गुबार से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। घटना में करोड़ों रुपए का किराना सामान जलकर राख हो गया।

जानकारी के मुताबिक, लवन रोड पर स्थित दीपल ट्रेडर्स नाम की किराना दुकान और गोदाम में रात करीब तीन बजे अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग तेजी से फैल गई और पूरे गोदाम को अपनी चपेट में ले लिया। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि आसपास के लोग घरों से बाहर निकल आए और इलाके में हड़कंप मच गया।

घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की 10 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का प्रयास शुरू किया गया। हालांकि आग बुझाने पहुंची बलौदा बाजार फायर ब्रिगेड की कुछ गाड़ियों को धक्का देकर स्टार्ट करना पड़ा। स्थिति गंभीर होने पर रायपुर से भी फायर ब्रिगेड की टीम को बुलाया गया है।

बताया जा रहा है कि गोदाम में बड़ी मात्रा में तेल, घी के पीपे और अन्य ज्वलनशील किराना सामान रखा हुआ था। इसी वजह से आग तेजी से फैल गई। आग में तेल के टीन, घी के डिब्बे और लाखों-करोड़ों रुपए का किराना सामान जलकर पूरी तरह राख हो गया।

आग लगने के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल पाया है। शुरुआती जांच में शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है। सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और पूरे इलाके को घेरकर जांच शुरू कर दी गई है। आग पर पूरी तरह काबू पाने के लिए दमकल कर्मियों की टीम लगातार मशक्कत कर रही है।