कल से छत्तीसगढ़ दौरे पर अमित शाह, नक्सल अभियान की समीक्षा और बस्तर पंडूम समापन में होंगे शामिल

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह 7 फरवरी की शाम करीब 7 बजे रायपुर पहुंचेंगे। रायपुर एयरपोर्ट से वे सीधे शहर स्थित अपने प्रवास स्थल जाएंगे।

  • Written By:
  • Publish Date - February 6, 2026 / 02:03 PM IST

रायपुर, छत्तीसगढ़। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह (Amit Shah) कल से छत्तीसगढ़ के तीन दिवसीय दौरे पर आ रहे हैं। वे 7 से 9 फरवरी तक राज्य में रहेंगे। इस दौरान वे आंतरिक सुरक्षा (Internal Security), वामपंथी उग्रवाद यानी नक्सलवाद (Left Wing Extremism – LWE), विकास कार्यों और सांस्कृतिक कार्यक्रमों से जुड़े कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह 7 फरवरी की शाम करीब 7 बजे रायपुर पहुंचेंगे। रायपुर एयरपोर्ट से वे सीधे शहर स्थित अपने प्रवास स्थल जाएंगे। इसके बाद रात करीब 8 बजे वे राज्य के वरिष्ठ प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों के साथ एक अहम बैठक करेंगे। इस बैठक में प्रदेश की कानून-व्यवस्था, सुरक्षा से जुड़ी चुनौतियों और केंद्र व राज्य सरकार के बीच समन्वय से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की जाएगी।

8 फरवरी को अमित शाह वामपंथी उग्रवाद को लेकर एक उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करेंगे। इस बैठक में केंद्र सरकार के वरिष्ठ अधिकारी, राज्य शासन के शीर्ष अफसर, पुलिस महानिदेशक सहित सीआरपीएफ, बीएसएफ, आईटीबीपी और अन्य केंद्रीय अर्धसैनिक बलों के वरिष्ठ अधिकारी शामिल होंगे। बैठक में नक्सल प्रभावित इलाकों में चल रहे अभियानों, सुरक्षा बलों की रणनीति, खुफिया जानकारी और विकास कार्यों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की जाएगी। इसके साथ ही नक्सलवाद के खिलाफ आगे की रणनीति पर भी मंथन होगा।

गृह मंत्री अमित शाह राज्य सरकार के साथ केंद्र प्रायोजित योजनाओं और विकासात्मक कार्यक्रमों की प्रगति पर भी चर्चा कर सकते हैं। माना जा रहा है कि बस्तर सहित अन्य नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में सड़क, संचार, शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करने पर विशेष जोर दिया जाएगा।

9 फरवरी को अमित शाह बस्तर संभाग मुख्यालय जगदलपुर पहुंचेंगे। यहां वे बस्तर पंडूम महोत्सव के समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। यह महोत्सव बस्तर की जनजातीय संस्कृति, परंपराओं और लोककला को समर्पित है। कार्यक्रम में शामिल होने के बाद वे जगदलपुर से ही दिल्ली के लिए रवाना हो जाएंगे। अमित शाह का यह दौरा राज्य में सुरक्षा और विकास, दोनों दृष्टि से काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।