रायपुर : छत्तीसगढ़ में भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने संगठन विस्तार की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए पिछड़ा वर्ग मोर्चा के जिलाध्यक्षों की सूची जारी कर दी है। मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष अशोक साहू ने मंगलवार शाम यह सूची घोषित की। नई नियुक्तियों के साथ ही संगठनात्मक गतिविधियों को और मजबूत करने की तैयारी की जा रही है।
जारी सूची के अनुसार रायपुर शहर की कमान अखिलेश कश्यप को सौंपी गई है जबकि दंतेवाड़ा जिले से ओमप्रकाश सोनी को पिछड़ा वर्ग मोर्चा का जिलाध्यक्ष बनाया गया है। पार्टी ने जिलेवार सक्रिय कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी देकर आगामी राजनीतिक रणनीति को धार देने का संकेत दिया है।
अन्य जिलों में भी कई नेताओं को नई जिम्मेदारी दी गई है। रायपुर ग्रामीण से तिलक साहू बलौदाबाजार से महाबल बघेल गरियाबंद से शोभाचंद पात्र महासमुंद से पवन पटेल धमतरी से प्रेमचंद साहू दुर्ग से तेखन सिंह सिन्हा बेमेतरा से रेवाराम निषाद बालोद से श्याम जायसवाल राजनांदगांव से दिलीप साहू कवर्धा से कृष्णा चंद्राकर कोंडागांव से सुरेश कुमार बस्तर से नीलांबर सेठिया सुकमा से धनाराम यादव और बीजापुर से जागर लक्ष्मैया को जिलाध्यक्ष नियुक्त किया गया है।
दंतेवाड़ा से जिलाध्यक्ष बनाए जाने पर ओमप्रकाश सोनी ने भाजपा के प्रदेश नेतृत्व का आभार जताया है। उन्होंने कहा कि पार्टी ने जो भरोसा जताया है उस पर वे खरा उतरने का प्रयास करेंगे। ओमप्रकाश सोनी लंबे समय से संगठन से जुड़े हुए हैं और जिले में एक सक्रिय कार्यकर्ता के रूप में उनकी पहचान रही है। सामाजिक कार्यों में भी उनकी भागीदारी रही है जिससे कार्यकर्ताओं और समर्थकों में खुशी का माहौल है।
भाजपा नेतृत्व का मानना है कि पिछड़ा वर्ग मोर्चा की नई टीम संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करेगी और आने वाले समय में पार्टी के कार्यक्रमों और अभियानों को गति देगी।