रायपुर, 23 फरवरी 2026: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय (Vishnu Deo Sai) आज नया रायपुर स्थित शांति सरोवर में छत्तीसगढ़ विधानसभा के सम्मानित सदस्यों के लिए प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय द्वारा आयोजित स्नेह मिलन एवं ब्रह्मा भोजन कार्यक्रम में शामिल हुए।
मुख्यमंत्री साय ने ब्रह्माकुमारी बहनों के स्नेह, आत्मीयता और सेवा भाव की सराहना करते हुए कहा कि बहनों के प्रेम और आदर से हम सभी अभिभूत हैं। उन्होंने कहा कि हर वर्ष बड़े स्नेह के साथ विधानसभा सदस्यों के लिए ब्रह्मा भोजन का आयोजन एक सुंदर और प्रेरणादायी परंपरा बन चुका है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रजापिता ब्रह्माकुमारी संस्था समाज में नैतिक मूल्यों, आध्यात्मिक जागरूकता और आत्मिक शांति के प्रसार के लिए निरंतर कार्य कर रही है। शांति सरोवर और शांति शिखर जैसे आध्यात्मिक केंद्रों में सकारात्मक ऊर्जा और आत्मिक शांति की अनुभूति होती है। संस्था का 137 से अधिक देशों में विस्तार होना प्रेरक और गर्व का विषय है।
उन्होंने कहा कि ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय विभिन्न जनकल्याणकारी गतिविधियों के माध्यम से समाज के अलग-अलग वर्गों में जागरूकता लाने का काम कर रहा है। महिलाओं को आर्थिक और सामाजिक रूप से सशक्त बनाने में संस्था की भूमिका महत्वपूर्ण है। जनजातीय क्षेत्रों में भी संस्था द्वारा किए जा रहे सामाजिक और आर्थिक उत्थान के प्रयासों से स्थानीय लोगों को व्यापक लाभ मिला है।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ब्रह्माकुमारी बहनों के अतिथि बने और पवित्र ब्रह्मा भोजन ग्रहण किया। कार्यक्रम में नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत सहित कैबिनेट मंत्री और सभी विधायक भी उपस्थित रहे और ब्रह्मा भोजन में शामिल हुए।
कार्यक्रम के दौरान ब्रह्माकुमारी बहनों ने मुख्यमंत्री और विधानसभा सदस्यों को माउंट आबू आने का निमंत्रण दिया, जिसे मुख्यमंत्री ने सहर्ष स्वीकार किया। इस मौके पर नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत ने भी अपने विचार रखे।
कार्यक्रम में वन मंत्री केदार कश्यप, कृषि मंत्री रामविचार नेताम, विधायक धरमलाल कौशिक सहित कई जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। ब्रह्माकुमारी परिवार की ओर से मृत्युंजय भाई, आत्म प्रकाश भाई, हेमलता दीदी, लता दीदी, आशा दीदी, सरिता दीदी और सविता दीदी सहित अन्य सदस्य कार्यक्रम में शामिल हुए।