छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट को बम धमकी: सुरक्षा कड़ी, तलाशी जारी

By : hashtagu, Last Updated : February 25, 2026 | 3:41 pm

बिलासपुर, छत्तीसगढ़। छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट (High court)को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद पूरे न्यायालय परिसर में हड़कंप मच गया। यह धमकी ई-मेल के जरिए भेजी गई, जिसके बाद पुलिस और प्रशासन तुरंत अलर्ट मोड में आ गए।

धमकी की सूचना मिलते ही हाईकोर्ट परिसर की सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई। बम निरोधक दस्ता (Bomb Disposal Squad) और डॉग स्क्वॉड (Dog Squad) को मौके पर बुलाया गया और पूरे परिसर में सघन तलाशी अभियान चलाया गया। सभी प्रवेश द्वारों पर जांच सख्त कर दी गई है और आने-जाने वालों की गहन जांच की जा रही है।

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक मामले को गंभीरता से लिया गया है। हाईकोर्ट के अंदर और आसपास के क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। सीसीटीवी कैमरों (CCTV Cameras) की निगरानी भी बढ़ा दी गई है ताकि किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत कार्रवाई की जा सके।

प्रारंभिक जांच में अभी तक कोई संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई है, लेकिन एहतियात के तौर पर तलाशी जारी है। पुलिस साइबर टीम ई-मेल भेजने वाले की पहचान करने में जुटी है।

बताया जा रहा है कि इससे पहले भी प्रदेश के कुछ न्यायालयों को इसी तरह की धमकियां मिल चुकी हैं, जो बाद में अफवाह साबित हुई थीं। फिलहाल सुरक्षा एजेंसियां किसी भी तरह की लापरवाही नहीं बरत रही हैं और पूरे मामले की जांच जारी है।