भोपाल: मध्य प्रदेश में भीषण गर्मी (Heatwave) और लू (Hot Winds) का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है। मई के तीसरे सप्ताह में पूरा प्रदेश आग की तरह तपने लगा है। सोमवार को कई जिलों में तापमान 46 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया, जबकि छतरपुर के खजुराहो में रिकॉर्ड 46.8 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। मौसम विभाग (IMD) ने प्रदेश के 30 से अधिक जिलों में लू का अलर्ट जारी किया है।
मौसम विभाग के अनुसार इस सीजन में पहली बार प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में इतनी भीषण गर्मी दर्ज की गई है। खजुराहो में सोमवार का दिन इतिहास के दूसरे सबसे गर्म दिनों में शामिल हो गया। वहीं नौगांव में 46 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। राजगढ़ में पारा 45.5 डिग्री, रतलाम में 45.4 डिग्री और खंडवा में 45.1 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया।
इसके अलावा शाजापुर, श्योपुर और मुरैना में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। दमोह और सतना में 44.8 डिग्री, सागर में 44.7 डिग्री, गुना और रीवा में 44.5 डिग्री, रायसेन में 44.4 डिग्री, खरगोन में 44.2 डिग्री और धार में 44.1 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। टीकमगढ़ और मंडला में भी पारा 44 डिग्री के आसपास पहुंच गया।
मौसम विभाग ने मंगलवार के लिए छतरपुर, दतिया, भिंड, टीकमगढ़ और निवाड़ी जिलों में तीव्र लू की चेतावनी जारी की है। इसके साथ ही भोपाल, इंदौर, उज्जैन, ग्वालियर समेत 30 से ज्यादा जिलों में हीटवेव का अलर्ट जारी किया गया है। करीब 20 जिलों में तेज गर्मी को लेकर विशेष चेतावनी दी गई है।
प्रदेश की राजधानी भोपाल में भी इस सीजन का सबसे गर्म दिन दर्ज किया गया। तापमान 44 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने के बाद लोगों को दिनभर गर्म हवाओं का सामना करना पड़ा। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में गर्मी और बढ़ने की संभावना जताई है।
विशेषज्ञों ने लोगों को दोपहर के समय घर से बाहर नहीं निकलने, ज्यादा पानी पीने और बच्चों व बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखने की सलाह दी है। मौसम विभाग का कहना है कि अगले कुछ दिनों तक प्रदेश में राहत मिलने की संभावना बेहद कम है और कई जिलों में तापमान 47 डिग्री सेल्सियस के करीब पहुंच सकता है।