रायपुर: छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस “राज्योत्सव 2025” (Rajyotsav 2025) के अवसर पर राज्य सरकार ने विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाली 41 विभूतियों और संस्थाओं को राज्य अलंकरण पुरस्कार से सम्मानित करने की घोषणा की है। सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा जारी सूची के अनुसार, इस वर्ष 34 प्रमुख व्यक्तियों को औपचारिक रूप से राज्य सम्मान से नवाजा जाएगा। समारोह में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय स्वयं उपस्थित रहेंगे।
राज्य सरकार ने शिक्षा, पत्रकारिता, समाजसेवा, संस्कृति, साहित्य, खेल, कृषि, सहकारिता और महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में विशिष्ट योगदान देने वालों को इस सम्मान के लिए चुना है।
सूची के अनुसार, ‘शहीद वीर नारायण सिंह स्मृति सम्मान’ कांकेर के हिरेश सिन्हा को आदिवासी सामाजिक चेतना में योगदान के लिए दिया जाएगा। ‘यति यतनलाल सम्मान’ जांजगीर-चांपा की संस्था भारतीय कुष्ठ निवारक संघ को अहिंसा और गौ-रक्षा के लिए प्राप्त होगा।
हिंदी और छत्तीसगढ़ी सिनेमा में निर्देशन में उत्कृष्ट कार्य के लिए किशोर साहू राष्ट्रीय अलंकरण सम्मान प्रसिद्ध फिल्म डायरेक्टर अनुराग बसु को दिया जाएगा, जबकि रायपुर के सुनील सोनी को किशोर साहू सम्मान से सम्मानित किया जाएगा।
पत्रकारिता के क्षेत्र में चंदूलाल चंद्राकर स्मृति पुरस्कार रायपुर के संदीप तिवारी, सोमेश पटेल और अभिषेक शुक्ला को मिला है। वहीं, मधुकर खेर स्मृति पत्रकारिता पुरस्कार दुर्ग की भावना पांडेय को दिया जाएगा।
दानवीर भामाशाह सम्मान राजनांदगांव के नीरज कुमार बाजपेयी को, जबकि डॉ. खूबचंद बघेल कृषक रत्न सम्मान धमतरी के थनेंद्र कुमार साहू और बलौद बाजार के वामन कुमार टिकरिहा को मिलेगा।
रायपुर इस बार सम्मान पाने वालों में सबसे आगे है—कुल 14 व्यक्तियों को राजधानी से यह सम्मान मिलेगा।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि इन पुरस्कारों का उद्देश्य छत्तीसगढ़ की प्रतिभाओं और समाजसेवियों के योगदान को सम्मानित करना है ताकि उनकी प्रेरक कहानियाँ आने वाली पीढ़ियों को दिशा दें।