गोवर्धन पूजा पर CM साय ने की गौसेवा, दी प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं

पूजन के बाद मुख्यमंत्री ने प्रसाद वितरण में भाग लिया और गौशाला में सेवा कर रहे गौसेवकों को अपने हाथों से मिठाई खिलाकर उनका सम्मान किया।

  • Written By:
  • Publish Date - October 22, 2025 / 09:37 PM IST

रायपुर, छत्तीसगढ़: गोवर्धन पूजा (Govrdhan Puja) के शुभ अवसर पर छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने रायपुर स्थित गौशाला में जाकर गौमाता की पूजा-अर्चना की और उन्हें खिचड़ी खिलाकर गोसेवा की परंपरा निभाई। इस मौके पर उन्होंने प्रदेशवासियों के सुख-समृद्धि और शांति की कामना करते हुए गोवर्धन पूजा की हार्दिक शुभकामनाएं दीं।

पूजन के बाद मुख्यमंत्री ने प्रसाद वितरण में भाग लिया और गौशाला में सेवा कर रहे गौसेवकों को अपने हाथों से मिठाई खिलाकर उनका सम्मान किया। उन्होंने गौसेवकों की सेवा भावना की सराहना करते हुए सभी नागरिकों से अपील की कि वे गौवंश की रक्षा एवं संरक्षण में सहभागी बनें। इस दौरान उन्होंने गौशाला की व्यवस्थाओं का जायजा भी लिया। गौसेवकों ने जानकारी दी कि गौशाला में गायों की देखभाल की सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि गोवर्धन पूजा प्रकृति, गौवंश और पर्यावरण के प्रति आभार व्यक्त करने का पर्व है। यह छत्तीसगढ़ की संस्कृति में गहराई से रचा-बसा त्योहार है। उन्होंने कहा,

“गाय, अन्न और धरती का सम्मान करना उस मातृशक्ति को नमन करना है, जिससे हमारा जीवन जुड़ा है। जब हम इन्हें पूजते हैं, तो हम अपनी संस्कृति की जड़ों और समृद्धि के स्रोतों से जुड़ते हैं।”

मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि गाय हमारे जीवन और आस्था का केन्द्र रही है। राज्य सरकार गौसेवा को ग्रामीण विकास की धुरी बनाने की दिशा में लगातार कार्य कर रही है।