रायपुर: कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और छह बार के विधायक कवासी लखमा (Lawasi Lakhma) को छत्तीसगढ़ विधानसभा के बजट सत्र (Budget Session) में शामिल होने की सशर्त (Conditional) अनुमति मिल गई है। वे फिलहाल शराब घोटाला (Liquor Scam) मामले में जमानत (Bail) पर बाहर हैं और कोर्ट की शर्तों के अधीन हैं।
विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने 23 फरवरी से शुरू हो रहे बजट सत्र में लखमा को भाग लेने की मंजूरी दी है। हालांकि उन्हें सत्र के दौरान तय नियमों का पालन करना होगा। आदेश में स्पष्ट किया गया है कि लखमा केवल बजट और विधायी कार्यवाही में ही हिस्सा ले सकेंगे और वे अपने खिलाफ चल रहे मामलों या आरोपों का जिक्र सदन में नहीं करेंगे।
निर्देश के अनुसार लखमा को अपना पूरा यात्रा कार्यक्रम विधानसभा सचिवालय को पहले से देना होगा। उन्हें अपना मोबाइल नंबर चालू रखना अनिवार्य होगा ताकि आवश्यकता पड़ने पर संपर्क किया जा सके। सत्र के दौरान वे केवल निर्धारित समय तक ही मौजूद रह सकेंगे और अन्य किसी राजनीतिक गतिविधि में शामिल नहीं होंगे।
छत्तीसगढ़ विधानसभा में 24 फरवरी को वित्त मंत्री ओ. पी. चौधरी वित्तीय वर्ष 2026-27 का बजट पेश करेंगे। बजट सत्र 20 मार्च तक चलेगा।
कवासी लखमा करीब एक साल तक न्यायिक हिरासत में रहे थे। जेल से बाहर आने के बाद यह उनका पहला बजट सत्र होगा, जिसमें वे सदन की कार्यवाही में हिस्सा लेंगे।