भारत जोड़ो यात्रा का छत्तीसगढ़ में प्लान तैयार, जानें कहां से CM भूपेश होंगे शामिल

By : madhukar dubey, Last Updated : November 19, 2022 | 6:15 pm

केंद्रीय कार्यालय में भेजे गए मंत्री सहित 250 कांग्रेस पदाधिकारियों के नाम

छत्तीसगढ़। राहुल गांधी की चल रही भारत जोड़ो यात्रा में छत्तीसगढ़ नहीं पड़ने वाला है। ऐसे में मध्यप्रदेश के खरगोन रूट पर यहां के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल अपने मंत्री संग सहित कांग्रेस पदाधिकारियों के साथ भारत जोड़ो यात्रा में शामिल होंगे। इसके लिए पूरा मास्टर प्लान तैयार कर लिया गया है। सूत्रों के मुताबिक प्रदेश कांग्रेस ने करीब 250 नामों की सूची केंद्रीय कार्यालय को भेज दिया है। यह यात्रा 23 नवंबर को मध्यप्रदेश में प्रवेश करेगी। यहां के नेताओं की फौज 25 नवंबर को अपने राहुल गांधी के साथ कदमताल करेगी।

प्रदेश कांग्रेस संचार विभाग के प्रमुख सुशील आनंद शुक्ला ने बताया पूरा प्लान

प्रदेश कांग्रेस संचार विभाग के प्रमुख सुशील आनंद शुक्ला ने बताया, प्रदेश कांग्रेस की ओर से 250 यात्री 25 नवम्बर को मध्य प्रदेश के लिए रवाना होंगे। वहां 26 से 28 नवम्बर तक सभी राहुल गांधी के साथ भारत जोड़ो यात्रा का हिस्सा होंगे। इस यात्रा में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, सभी वरिष्ठ मंत्री, प्रदेश अध्यक्ष मोहन मरकाम सहित तमाम वरिष्ठ नेता-कार्यकर्ता शामिल होने वाले हैं। इसके लिए सभी लोग अपने साधनों से मध्य प्रदेश जाएंगे।

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष बोले, छत्तीसगढ़ की मिट्‌टी-पानी ले जाएंगे

कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष मोहन मरकाम इस यात्रा में छत्तीसगढ़ की मिट्‌टी और पानी ले जाने वाले हैं। कांग्रेस संचार विभाग के अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला ने बताया, भारत जोड़ो यात्रा के कांसेप्ट में यह है। जहां से यात्रा नहीं गुजर रही है वहां के यात्री अपने साथ मिट्‌टी पानी ले जा रहे हैं। इसी मिट्‌टी-पानी से यात्रा मार्ग पर कहीं पर पौधरोपण होता जा रहा है। कोशिश यह है कि देश की अलग-अलग संस्कृति, परंपरा, विश्वास और भूगोल एक-दूसरे से जुड़ते चले जाएं।

28 नवम्बर को पदयात्रा महू से शुरू होकर इंदौर के राजबाड़ा पहुंचेगी

बताया जा रहा है, छत्तीसगढ़ के यात्री खरगोन जिले के खेरदा गांव से इस पदयात्रा से जुड़ने वाले हैं। उस दिन मोरटक्का में रात्रि विश्राम होगा। दूसरे दिन की यात्रा मोरटक्का से यात्रा शुरू कर इंदौर के महू तक जाएगी। 28 नवम्बर को पदयात्रा महू से शुरू होकर इंदौर के राजबाड़ा पहुंचेगी। यहां राहुल गांधी एक जनसभा को संबोधित करने वाले हैं। उस दिन रात्रि विश्राम इंदौर के खालसा स्टेडियम में होना है। इंदौर के बाद छत्तीसगढ़ के पदयात्री वापस लौट आएंगे।