बस्तर में फिर ‘अमित शाह’ की धमक!, 2 महीने में ‘दूसरा’ दौरा!

By : madhukar dubey, Last Updated : March 3, 2023 | 12:04 pm

जगदलपुर। दो महीने में अमित शाह दूसरे दौरे पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह (Amit Shah) बस्तर आ रहे हैं। आने का कारण कुछ हो लेकिन इसके सियासी मायने तो निकलेंगे। बता दें, जगदलपुर में पहली बार CRPF का 84वां स्थापना दिवस कार्यक्रम मनाया जाएगा।

इस कार्यक्रम में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह भी शामिल होंगे। 19 मार्च को आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम में वे शिरकत करेंगे। उनके आने की तैयारियां चल रही है। ऐसा बताया जा रहा है कि वे यहां भाजपा के प्रदेश स्तर से लेकर बस्तर तक के दिग्गज नेताओं से मुलाकात कर बैठक लेंगे।

इस कार्यक्रम में शामिल होने के बाद अमित शाह प्रदेश स्तर के भाजपा नेताओं की बैठक लेंगे। विधानसभा चुनाव में जीत के लिए रणनीतियां बनाएंगे। हालांकि, वे बस्तर में आम सभा को संबोधित करेंगे या नहीं यह अभी स्पष्ट नहीं है। फिलहाल उनके प्रवास को लेकर अब तक कोई प्रोटोकॉल जारी नहीं हुआ है।

बीजेपी के केंद्र बिंदु में बस्तर संभाग

अमित शाह के बस्तर प्रवास को लेकर कई मायने निकाले जा रहे है। साल 2023 में वे दूसरी बार छत्तीसगढ़ आ रहे हैं। राज्य में भाजपा की सरकार बनाने वे कार्यकर्ताओं को जीत का मंत्र देंगे। साथ ही बस्तर की सारी 12 विधानसभा सीटों में जीत दर्ज कर सरकार बनाने का रास्ता आसान करने की योजना बनाएंगे।

छत्तीसगढ़ समेत पूरे बस्तर में भाजपा के कार्यों की समीक्षा करेंगे। इसके अलावा टिकट वितरण के लिए भी वे मंथन कर सकते हैं। 11 फरवरी 2023 को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा बस्तर आए थे। जिन्होंने BJP कोर कमेटी की बैठक ली थी। साथ ही लालबाग मैदान में विशाल आम सभा को संबोधित कर कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा था।