धर्मेंद्र की तबीयत पर ईशा देओल का बयान: अफवाहों से बचें, पापा रिकवर कर रहे हैं

धर्मेंद्र की बेटी ईशा देओल ने इस पर सोशल मीडिया पर बयान जारी कर खबरों को पूरी तरह गलत बताया। उन्होंने लिखा, “मीडिया गलत खबरें फैला रहा है।

  • Written By:
  • Publish Date - November 11, 2025 / 09:49 AM IST

मुंबई। दिग्गज अभिनेता धर्मेंद्र (89) (Dharmendra) को सांस लेने में तकलीफ के चलते सोमवार, 10 नवंबर को मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उनकी हालत स्थिर नहीं होने पर डॉक्टरों ने उन्हें वेंटिलेटर पर रखा था और अगले 72 घंटे उनके लिए बेहद अहम बताए जा रहे हैं।

सोमवार रात सोशल मीडिया पर अचानक धर्मेंद्र के निधन की अफवाह फैल गई। यहां तक कि रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भी एक्स (पूर्व ट्विटर) पर उनके निधन पर शोक जताया, लेकिन कुछ देर बाद वह पोस्ट डिलीट कर दी।

धर्मेंद्र की बेटी ईशा देओल ने इस पर सोशल मीडिया पर बयान जारी कर खबरों को पूरी तरह गलत बताया। उन्होंने लिखा, “मीडिया गलत खबरें फैला रहा है। पापा की हालत स्थिर है और वे रिकवर कर रहे हैं। हम सभी से निवेदन करते हैं कि परिवार की प्राइवेसी का सम्मान करें और पापा की जल्दी सेहतमंदी के लिए दुआ करें।”

देओल परिवार के करीबी सूत्रों के मुताबिक, धर्मेंद्र की दोनों बेटियों को विदेश से मुंबई बुला लिया गया है। सनी देओल सोमवार रात अस्पताल के बाहर भावुक नजर आए, जबकि बॉबी देओल भी शूटिंग छोड़कर मुंबई लौटे। देर रात शाहरुख खान, सलमान खान समेत कई बॉलीवुड सेलेब्स ब्रीच कैंडी हॉस्पिटल पहुंचे।

बताया जा रहा है कि धर्मेंद्र को 31 अक्टूबर को भी सांस लेने की परेशानी के चलते इसी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उस वक्त उन्हें ICU में रखा गया था और पैरामीटर ठीक होने के बाद कुछ घंटों में डिस्चार्ज कर दिया गया था।

धर्मेंद्र ने इस साल की शुरुआत में कॉर्निया ट्रांसप्लांट सर्जरी भी करवाई थी। उनकी बाईं आंख की पारदर्शी परत (कॉर्निया) डैमेज हो गई थी, जिसके बाद केराटोप्लास्टी सर्जरी की गई थी। 2015 से 2020 के बीच उन्हें कई बार पीठ दर्द, मांसपेशियों में खिंचाव और कमजोरी की शिकायत के चलते अस्पताल में भर्ती होना पड़ा था।

धर्मेंद्र जल्द ही फिल्म इक्कीस में नजर आएंगे, जो भारत-पाकिस्तान युद्ध के हीरो अरुण खेत्रपाल की कहानी पर आधारित है। इसमें अमिताभ बच्चन के नातिन अगस्तया नंदा अरुण की भूमिका निभा रहे हैं, जबकि धर्मेंद्र उनके पिता एम.एल. खेत्रपाल के किरदार में हैं।