मुंबई। महाभारत टीवी धारावाहिक में कर्ण का किरदार निभाकर घर-घर में पहचान बनाने वाले मशहूर अभिनेता पंकज धीर (Pankaj Dheer) का आज मुंबई में निधन हो गया। वे 68 वर्ष के थे और कैंसर से जूझ रहे थे। उनके निधन की पुष्टि सिने एंड टीवी आर्टिस्ट एसोसिएशन (CINTAA) ने की है। पंकज धीर पिछले कुछ महीनों से बीमार चल रहे थे और अस्पताल में इलाज चल रहा था।
CINTAA की ओर से जारी आधिकारिक बयान में कहा गया है, “गहरे दुख और भारी मन से सूचित किया जाता है कि हमारे ट्रस्ट के पूर्व चेयरमैन और सिटा के पूर्व मानद महासचिव श्री पंकज धीर जी का 15 अक्टूबर 2025 को निधन हो गया।” उनका अंतिम संस्कार आज शाम 4:30 बजे पवन हंस के पास, विले पार्ले (पश्चिम), मुंबई में किया गया।
पंकज धीर ने 1988 में प्रसारित बी. आर. चोपड़ा के प्रसिद्ध धारावाहिक ‘महाभारत’ में कर्ण की भूमिका निभाई थी। इस किरदार ने उन्हें हर घर में लोकप्रिय बना दिया था। उन्होंने 2016 में एक इंटरव्यू में बताया था कि उस समय शूटिंग के दौरान सुविधाएं बेहद सीमित थीं। वे टेंट में रहते थे, 40 लोगों के लिए एक ही टॉयलेट होता था, और भारी धातु के परिधान पहनने पड़ते थे जो बहुत गर्म और असहज होते थे।
उन्होंने एक घटना साझा की थी, जिसमें उनका रथ मैदान में दौड़ते समय अचानक टूट गया था। घोड़े बेकाबू हो गए थे। उन्होंने जान बचाने के लिए चलती हुई गाड़ी से कूदना पड़ा था। एक और दृश्य में उनके चेहरे के पास तीर लग गया था, जिसकी वजह से उन्हें सर्जरी करानी पड़ी थी।
पंकज धीर ने टेलीविजन के साथ-साथ कई हिंदी फिल्मों में भी काम किया था। वे एक सम्मानित अभिनेता रहे, जिनका योगदान इंडस्ट्री में हमेशा याद रखा जाएगा। वे अपने पीछे पत्नी अनीता धीर और बेटे निकितिन धीर को छोड़ गए हैं। निकितिन भी एक जाने-माने अभिनेता हैं और फिल्मों तथा टीवी में सक्रिय हैं।
पंकज धीर के निधन की खबर के बाद सोशल मीडिया पर उनके प्रशंसक और साथ काम कर चुके कलाकार उन्हें श्रद्धांजलि दे रहे हैं। कई लोगों ने लिखा कि उन्होंने महाभारत के कर्ण को अमर कर दिया और उनका स्थान कोई नहीं ले सकता।