केले में है गुण भरपूर, जानें इसके चौंकाने वाले फायदे

केले में पोटेशियम भरपूर मात्रा में होता है, जो रक्तचाप को नियंत्रित करने और हृदय रोगों के खतरे को कम करने में मदद करता है। इसमें मौजूद फाइबर कोलेस्ट्रॉल को भी कम करने में मदद करता है।

  • Written By:
  • Updated On - August 30, 2025 / 04:01 PM IST

नई दिल्ली। प्रकृति ने हमें कई ऐसे फल दिए हैं, जो न केवल स्वादिष्ट होते हैं, बल्कि हमारे स्वास्थ्य के लिए भी अत्यधिक लाभकारी होते हैं। इनमें से एक केला (Banana) है। इसके पोषक तत्वों के कारण यह संपूर्ण आहार का एक महत्वपूर्ण हिस्सा माना जाता है। केला न केवल ऊर्जा का अच्छा स्रोत है, बल्कि यह शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता को भी बढ़ाता है। इसके नियमित सेवन से कई स्वास्थ्य समस्याओं से बचा जा सकता है। केले का वैज्ञानिक नाम ‘मूसा पैराडाइसियाका’ है। यह फल दुनिया भर के उष्णकटिबंधीय क्षेत्रों में पाया जाता है। भारत दुनिया के सबसे बड़े केला उत्पादकों में से एक है, और यहां इसे पूजा, धार्मिक समारोहों और दैनिक भोजन में इस्तेमाल किया जाता है।

नेशनल लाइब्रेरी ऑफ मेडिसिन की एक स्टडी के मुताबिक, केले में फेनोलिक एसिड और फ्लेवोनोइड जैसे बायोएक्टिव कंपाउंड होते हैं, जो शरीर को ऑक्सीडेटिव स्ट्रेस से बचाने में मदद करते हैं। इसके अलावा, ये एडिमा, मोटापा, उच्च रक्तचाप और कैंसर जैसी स्वास्थ्य संबंधी बीमारियों से जुड़े एंजाइमों को रोकने में भी सहायक होते हैं।

केले में पोटेशियम भरपूर मात्रा में होता है, जो रक्तचाप को नियंत्रित करने और हृदय रोगों के खतरे को कम करने में मदद करता है। इसमें मौजूद फाइबर कोलेस्ट्रॉल को भी कम करने में मदद करता है।

इसमें ट्रिप्टोफैन नामक एमिनो एसिड भी होता है, जो शरीर में सेरोटोनिन का उत्पादन बढ़ाता है। सेरोटोनिन को ‘हैप्पी हार्मोन’ कहा जाता है, जो मूड को बेहतर बनाने और तनाव को कम करने में सहायक होता है।

चरक संहिता के अनुसार, केला एक पोषक और बलवर्धक फल है, जिसे अन्न के समान माना गया है। यह पाचन तंत्र के लिए लाभकारी होता है, रक्त को शुद्ध करता है और शारीरिक शक्ति बढ़ाता है। हालांकि, इसके खाने के नियमों का पालन करना आवश्यक है; इसे भोजन के बाद खाना फायदेमंद होता है, लेकिन इसे दूध, दही या पानी के साथ तुरंत नहीं खाना चाहिए, क्योंकि इससे पाचन में समस्या आ सकती है और शरीर में विषाक्त पदार्थ बन सकते हैं।

केले में प्राकृतिक शर्करा (जैसे सुक्रोज, फ्रुक्टोज और ग्लूकोज) और कार्बोहाइड्रेट होते हैं, जो त्वरित ऊर्जा प्रदान करते हैं। इसलिए, वर्कआउट से पहले या बाद में इसका सेवन करना फायदेमंद माना जाता है।

केला खाना स्वास्थ्य के लिए फायदेमंद है; हालांकि, यदि आपको कोई गंभीर समस्या है, तो इसका सेवन करने से पहले अपने चिकित्सक से परामर्श लें।