खाली पेट शराब पीना हो सकता है खतरनाक: लिवर सर्जन की चेतावनी

डॉ. गुप्ता के अनुसार, "छोटी आंत की सतह बड़ी होती है, जिससे शराब तेजी से खून में घुल जाती है और ब्लड अल्कोहल लेवल (BAC) बहुत जल्दी बढ़ता है।

  • Written By:
  • Publish Date - September 19, 2025 / 06:17 AM IST

नई दिल्ली: खाली पेट शराब पीना (liquor) कई लोगों के लिए एक सस्ती “ट्रिक” या जल्दी नशा पाने का तरीका माना जाता है, लेकिन लिवर ट्रांसप्लांट सर्जन डॉ. राजेश गुप्ता ने इसे शरीर के लिए बेहद नुकसानदायक बताया है। उन्होंने बताया कि जब पेट में खाना न हो, तो शराब सीधे छोटे आंत में तेजी से पहुंच जाती है, जहां इसका अवशोषण बहुत तेज़ी से होता है और कुछ ही मिनटों में व्यक्ति नशे की हालत में पहुंच सकता है।

डॉ. गुप्ता के अनुसार, “छोटी आंत की सतह बड़ी होती है, जिससे शराब तेजी से खून में घुल जाती है और ब्लड अल्कोहल लेवल (BAC) बहुत जल्दी बढ़ता है। इससे दिमाग पर असर भी तेजी से होता है, जिससे चक्कर आना, संतुलन बिगड़ना और निर्णय लेने की क्षमता में गिरावट जैसे प्रभाव महसूस होते हैं।”

क्या हैं खतरे?
डॉ. गुप्ता ने चेतावनी दी कि खाली पेट शराब पीने से न केवल नशा जल्दी होता है, बल्कि इसके दुष्प्रभाव भी कहीं अधिक खतरनाक हो सकते हैं। इसमें ब्लैकआउट (नशे में याददाश्त जाना), उल्टी, मतली और गंभीर नशे की स्थिति शामिल है। कई बार व्यक्ति ज्यादा नशे में नहीं दिखता, लेकिन फिर भी होश खो सकता है।

शराब पीने से पहले क्या करें?
डॉ. गुप्ता ने सलाह दी कि शराब पीने से पहले संतुलित भोजन जरूर करें जिसमें प्रोटीन, हेल्दी फैट और कॉम्प्लेक्स कार्बोहाइड्रेट शामिल हों। जैसे अंडे, लीन मीट, चीज़, नट्स और एवोकाडो – ये पेट में देर तक रहते हैं और शराब के अवशोषण की प्रक्रिया को धीमा करते हैं। कार्बोहाइड्रेट भी मदद करते हैं, लेकिन ये जल्दी पच जाते हैं।

उन्होंने बताया कि शराब पीते समय स्नैक्स खाना भी नशे के असर को कम कर सकता है।

हाइड्रेशन भी जरूरी:
डॉ. भोंले ने बताया कि शराब एक डाइयूरेटिक है, जो पेशाब की मात्रा बढ़ा देता है और शरीर से अधिक मात्रा में पानी निकलता है। इसलिए शराब पीने से पहले और उसके दौरान पानी पीना जरूरी है।खाली पेट शराब पीना भले ही सस्ता और तेज़ असर करने वाला तरीका लगे, लेकिन इसका शरीर पर गंभीर और लंबे समय तक असर हो सकता है। सुरक्षित और जिम्मेदारी से पीना न केवल खुद के लिए, बल्कि आसपास के लोगों के लिए भी जरूरी है।