पचमढ़ी में CM मोहन यादव की अगुवाई में कैबिनेट बैठक, राज्य के विकास को मिलेगी नई रफ्तार

By : hashtagu, Last Updated : June 2, 2025 | 4:13 pm

चमढ़ी; मध्य प्रदेश के प्रमुख पर्यटन स्थल पचमढ़ी (Pachmadi) में मंगलवार को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की अध्यक्षता में विशेष कैबिनेट बैठक आयोजित की जाएगी। इस बैठक के दौरान सरकार प्रदेश के लिए कई अहम नीतिगत फैसले ले सकती है। साथ ही मुख्यमंत्री राज्य को 33.88 करोड़ रुपये के विकास कार्यों की सौगात भी देंगे।

बैठक के दौरान पर्यटन और अन्य विभागों से जुड़े विभिन्न निर्माण कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन किया जाएगा। इनमें पचमढ़ी में जटाशंकर और पांडव गुफाओं पर पिंक टॉयलेट लाउंज, जयस्तंभ क्षेत्र में पाथवे निर्माण, घूपगढ़ जल आपूर्ति योजना, सतपुड़ा रिट्रीट में किचन, रेस्टोरेंट और स्विमिंग पूल जैसे महत्वपूर्ण कार्य शामिल हैं, जिनका उद्घाटन खुद मुख्यमंत्री करेंगे।

इसके अलावा 21.39 करोड़ की लागत से छह नई परियोजनाओं का भूमिपूजन किया जाएगा। इसमें हांडी खो में पर्यटक सुविधाएं, सतपुड़ा टाइगर रिजर्व में आधारभूत ढांचे का विकास, हिलटॉप बंगले को होमस्टे में बदलना, MICE कम्युनिटी सेंटर का निर्माण और केंद्रीय नर्सरी की स्थापना शामिल है।

बैठक में एक विशेष प्रस्ताव भी रखा जा सकता है, जिसमें पचमढ़ी के पूर्व जागीरदार राजा भभूत सिंह की स्मृति में उनकी प्रतिमा स्थापित करने की बात है। इसके अलावा नर्मदांचल क्षेत्र में किसी संस्थान का नाम भी राजा भभूत सिंह के नाम पर रखने पर विचार किया जा रहा है।

गौरतलब है कि इससे पहले मार्च 2022 में भी पचमढ़ी में ही तत्कालीन मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की अध्यक्षता में मंत्रिमंडल की बैठक आयोजित की गई थी। अब एक बार फिर पचमढ़ी राज्य सरकार के महत्वपूर्ण निर्णयों का केंद्र बनने जा रहा है।