उज्जैन में सीएम मोहन के बेटे की अनोखी बारात: 21 दूल्हों संग निकला जुलूस, बरसे फूल

  • Written By:
  • Publish Date - November 30, 2025 / 02:25 PM IST

उज्जैन: मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव (Mohan Yadav)  के बेटे डॉ. अभिमन्यु की बारात रविवार सुबह उज्जैन में भव्य तरीके से निकली। खास बात ये रही कि यह बारात 21 अन्य दूल्हों के साथ सामूहिक रूप से निकाली गई। कुल 22 दूल्हों की इस बारात में जगह-जगह मंच लगाकर फूल बरसाए गए और सभी का पारंपरिक स्वागत हुआ। ढोल–नगाड़ों और बैंड की धुन पर दूल्हों और बारातियों ने जमकर नृत्य किया।

बारात वाकणकर ब्रिज के पास से शुरू होकर सांवराखेड़ी स्थित आयोजन स्थल तक पहुंची। एक घंटे के जुलूस के बाद यहां प्रवेश द्वार पर लगाए गए 22 तोरणों को सभी दूल्हों ने तलवार से स्पर्श कर परंपरा निभाई। इसके बाद तय मंचों पर दूल्हों का स्वागत हुआ और दुल्हनों को बुलाकर विवाह की रस्में शुरू कराई गईं। डॉ. अभिमन्यु का विवाह खरगोन निवासी डॉ. इशिता के साथ सामूहिक सम्मेलन में संपन्न होगा।

समारोह में सबसे आकर्षक दृश्य तब देखने को मिला जब सीएम मोहन यादव की पत्नी सीमा यादव, बड़े बेटे वैभव यादव, चेचे भाई अभय यादव और परिवार के अन्य सदस्य ढोल–नगाड़ों पर थिरकते दिखे। सीएम की बहन कलावती यादव ने इसे सामाजिक समरसता का संदेश देने वाला आयोजन बताया।

शादी में भाजपा शासित 11 राज्यों के मुख्यमंत्री, 8 राज्यपाल, केंद्रीय मंत्री, प्रदेश मंत्रिमंडल के सदस्य और कई संत–महात्मा आमंत्रित किए गए हैं। इनमें नरेंद्र सिंह तोमर, नरोत्तम मिश्रा, मंगूभाई पटेल, रविंद्र पूरी, धीरेंद्र शास्त्री और बाबा रामदेव शामिल हुए। ज्योतिरादित्य सिंधिया और कर्नाटक के राज्यपाल थावरचंद गेहलोत के भी शामिल होने की संभावना है। कई अन्य वीआईपी मेहमान शाम को अथर्व होटल में होने वाले रिसेप्शन में आ सकते हैं।