रतलाम स्टेशन पर आरपीएफ ने बचाई महिला की जान चलती ट्रेन से गिरने से टला हादसा

यह घटना प्लेटफॉर्म नंबर चार की है। बुधवार दोपहर करीब तीन बजकर पंद्रह मिनट पर नई दिल्ली मुंबई सेंट्रल स्पेशल ट्रेन खड़ी थी। महिला एस थ्री कोच में यात्रा कर रही थी।

  • Written By:
  • Publish Date - December 25, 2025 / 11:31 AM IST

रतलाम :  मध्य प्रदेश के रतलाम रेलवे स्टेशन (Ratlam Railway Station) पर बड़ा हादसा टल गया। चलती ट्रेन और प्लेटफॉर्म के बीच एक महिला फंस गई। स्टेशन पर कुछ देर के लिए अफरा तफरी मच गई।

यह घटना प्लेटफॉर्म नंबर चार की है। बुधवार दोपहर करीब तीन बजकर पंद्रह मिनट पर नई दिल्ली मुंबई सेंट्रल स्पेशल ट्रेन खड़ी थी। महिला एस थ्री कोच में यात्रा कर रही थी।

महिला कुछ सामान लेने के लिए नीचे उतरी थी। इसी दौरान ट्रेन अचानक चल पड़ी। ट्रेन छूटती देख महिला ने चढ़ने की कोशिश की। आगे चल रहे दो यात्री चढ़ गए। महिला का पैर फिसल गया।

महिला ट्रेन और प्लेटफॉर्म के बीच फंस गई। ट्रेन की रफ्तार बढ़ने लगी। महिला घिसटने लगी। हालात बेहद खतरनाक हो गए।

प्लेटफॉर्म पर तैनात आरपीएफ जवानों ने तुरंत कार्रवाई की। हेड कॉन्स्टेबल चंद्रकांत तिवारी आगे बढ़े। नरेंद्र राठौड़ और सब इंस्पेक्टर श्रद्धा ठाकुर भी दौड़े।

चंद्रकांत तिवारी ने महिला का हाथ पकड़ा। नरेंद्र राठौड़ ने पूरी ताकत से उसे खींचा। कुछ ही सेकंड में महिला को प्लेटफॉर्म पर सुरक्षित निकाल लिया गया।

महिला को बाहर निकालने के बाद ट्रेन रुकवाई गई। उसे समझाइश दी गई। बाद में महिला को फिर से कोच में बैठाया गया।

आरपीएफ जवानों की फुर्ती से महिला की जान बच गई। यह घटना सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हुई है। घटना यात्रियों के लिए चेतावनी है। चलती ट्रेन में चढ़ना जानलेवा हो सकता है।