सीहोर, मध्य प्रदेश: प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (PMGSY) फेज-4 और पीएम जनमन योजना (PM JANMAN Scheme) के तहत मध्य प्रदेश के सीहोर जिले को बड़ी सौगात मिली है। रविवार 10 मई को भैरूंदा में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने ग्रामीण सड़क विकास (Rural Road Development) से जुड़े बड़े प्रोजेक्ट की शुरुआत की। इस योजना के तहत सीहोर जिले में 165 करोड़ रुपये की लागत से 209 किलोमीटर लंबी 81 नई सड़कों का निर्माण किया जाएगा। इन सड़कों से जिले की 84 बसाहटों को सीधे तौर पर फायदा मिलेगा।
कार्यक्रम में पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल, ग्रामीण विकास एवं संचार राज्य मंत्री डॉ. चंद्रशेखर पेम्मासानी, ग्रामीण विकास राज्य मंत्री कमलेश पासवान समेत कई जनप्रतिनिधि और वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। इस दौरान प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना फेज-4 का औपचारिक शुभारंभ किया गया।
सरकार के अनुसार प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना फेज-4 के तहत पूरे मध्य प्रदेश में 1763 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से 2117 किलोमीटर लंबी 963 सड़कों का निर्माण किया जाएगा। इससे प्रदेश की 987 ग्रामीण बसाहटों को बेहतर सड़क संपर्क मिलेगा। ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क कनेक्टिविटी मजबूत होने से शिक्षा, स्वास्थ्य, व्यापार और आवागमन को गति मिलने की उम्मीद है।
सीहोर जिले में बनने वाली कई सड़कें ऐसी हैं जहां बारिश के मौसम में लोगों का निकलना मुश्किल हो जाता है। कई गांवों में मरीजों को खटिया पर उठाकर सड़क तक लाना पड़ता है। नई सड़कें बनने से ग्रामीणों को बड़ी राहत मिलेगी और गांवों की कनेक्टिविटी मजबूत होगी।
इसके अलावा पीएम जनमन योजना के तहत 261 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से 384 किलोमीटर लंबी 168 नई सड़कों को भी मंजूरी दी जाएगी। इन परियोजनाओं से प्रदेश की 168 पिछड़ी और दूरस्थ बसाहटों को लाभ मिलेगा।
भैरूंदा में आयोजित इस कार्यक्रम में हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, असम, गुजरात, बिहार, उत्तर प्रदेश, तमिलनाडु, जम्मू-कश्मीर, राजस्थान, लद्दाख, सिक्किम और त्रिपुरा समेत कई राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के प्रतिनिधि भी शामिल हुए।