टीकमगढ़: मध्य प्रदेश (Madhya Pradesh) की पूर्व मुख्यमंत्री Uma Bharti टीकमगढ़ जिले में पोहा (Poha) बेचते हुए नजर आईं। उनका यह वीडियो सोशल मीडिया (Social Media) पर तेजी से वायरल (Viral) हो रहा है, जिसमें वह एक स्टॉल (Stall) पर खड़ी होकर लोगों को पोहा परोसती दिख रही हैं।
दरअसल, उमा भारती का यह कदम जिला प्रशासन के अतिक्रमण (Encroachment) हटाने की कार्रवाई के खिलाफ एक सांकेतिक विरोध था। वीडियो में वह बेहद सहज अंदाज में फुटपाथ पर खड़ी होकर लोगों को पोहा देती नजर आ रही हैं। उनके इस नए अंदाज को लोग काफी पसंद कर रहे हैं और यह वीडियो इंटरनेट पर तेजी से फैल रहा है।
जानकारी के मुताबिक, जिले में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई से प्रभावित छोटे दुकानदारों के समर्थन में उमा भारती ने यह विरोध प्रदर्शन किया। उन्होंने खुद पोहा बेचकर इन दुकानदारों का हौसला बढ़ाने की कोशिश की।
उमा भारती ने जिला प्रशासन की कार्रवाई को निंदनीय बताते हुए कहा कि हाथ ठेला लगाने वाले गरीब लोग रोज कमाकर अपना पेट पालते हैं और इस तरह की कार्रवाई से उनके परिवारों पर सीधा असर पड़ता है।
उन्होंने प्रशासन पर सवाल उठाते हुए कहा कि पहले बड़े और अमीर लोगों के अतिक्रमण हटाए जाने चाहिए थे, लेकिन ऐसा नहीं किया गया। उन्होंने साफ कहा कि वह गरीबों के साथ खड़ी हैं और देखेंगी कि आखिर कौन इन्हें हटाता है।
इस पूरे घटनाक्रम के बाद उमा भारती का यह अनोखा विरोध चर्चा का विषय बन गया है और राजनीतिक हलकों में भी इसे लेकर प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं।