आज से बदले 5 बड़े नियम, गैस सिलेंडर महंगा, आधार जरूरी और UPI रिक्वेस्ट बंद

पहला बदलाव जनरल रेलवे टिकट बुकिंग से जुड़ा है। अब IRCTC वेबसाइट या ऐप के जरिए जनरल टिकट की ऑनलाइन बुकिंग करने के लिए आधार वेरिफिकेशन जरूरी होगा।

  • Written By:
  • Updated On - October 1, 2025 / 01:19 PM IST

नई दिल्ली: 1 अक्टूबर से देश में आम लोगों से जुड़े पांच बड़े नियमों में बदलाव हुए हैं। इन बदलावों का असर रेलवे टिकट बुकिंग (Railway ticket)से लेकर गैस सिलेंडर, डाक सेवाओं, UPI पेमेंट और निवेश योजनाओं तक पड़ेगा। आइए जानते हैं ये बदलाव क्या हैं और इसका सीधा असर कैसे पड़ेगा।

पहला बदलाव जनरल रेलवे टिकट बुकिंग से जुड़ा है। अब IRCTC वेबसाइट या ऐप के जरिए जनरल टिकट की ऑनलाइन बुकिंग करने के लिए आधार वेरिफिकेशन जरूरी होगा। यह नियम केवल रिजर्वेशन खुलने के पहले 15 मिनट तक लागू रहेगा। इसके बाद बिना आधार के भी टिकट बुक किया जा सकेगा। यह कदम टिकटों की कालाबाजारी रोकने के लिए उठाया गया है।

दूसरा बदलाव UPI सिस्टम से जुड़ा है। नेशनल पेमेंट्स कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया ने आज से पीयर-टू-पीयर (P2P) कलेक्ट रिक्वेस्ट पर रोक लगा दी है। अब कोई भी व्यक्ति किसी दूसरे व्यक्ति को UPI के जरिए पैसे मांगने की रिक्वेस्ट नहीं भेज सकेगा। हालांकि, मर्चेंट्स के लिए यह सुविधा जारी रहेगी। यह फैसला UPI फ्रॉड को रोकने के लिए लिया गया है, क्योंकि कई लोग फर्जी रिक्वेस्ट भेजकर दूसरों से पैसे वसूल रहे थे।

तीसरा बदलाव 19 किलो वाले कॉमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमत में हुआ है। अब यह सिलेंडर दिल्ली में ₹1595.50 में मिलेगा, जो पहले ₹1580 था। यानी ₹15.50 की बढ़ोतरी हुई है। कोलकाता में यह सिलेंडर ₹16.50 महंगा होकर ₹1700.50 का हो गया है। हालांकि घरेलू गैस सिलेंडर की कीमत में कोई बदलाव नहीं किया गया है।

चौथा बदलाव स्पीड पोस्ट सेवा में हुआ है। अब से डिलीवरी सिर्फ OTP वेरिफिकेशन के बाद ही की जाएगी। इसके लिए ₹5 एक्स्ट्रा शुल्क और जीएसटी देना होगा। साथ ही डिलीवरी का रियल-टाइम स्टेटस अब SMS के जरिए मिलेगा। इंडिया पोस्ट ने स्टूडेंट्स के लिए 10 प्रतिशत और बल्क कस्टमर्स के लिए 5 प्रतिशत छूट की भी घोषणा की है।

पांचवां बदलाव नेशनल पेंशन सिस्टम यानी NPS से जुड़ा है। अब नॉन-गवर्नमेंट कर्मचारियों के लिए निवेश की पूरी राशि स्टॉक मार्केट में लगाने की छूट मिल गई है। पहले इसकी सीमा 75% थी। यह बदलाव उन निवेशकों के लिए फायदेमंद हो सकता है जो ज्यादा रिटर्न के लिए जोखिम लेने को तैयार हैं और रिटायरमेंट तक बड़ा फंड बनाना चाहते हैं।

वहीं आज पेट्रोल और डीजल की कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया गया है।