वीडियो: यमुना की सफाई दिखाने के चक्कर में BJP विधायक गिरे नदी में, रील बनाते हुए हुआ हादसा

यह घटना छठ पूजा से पहले की बताई जा रही है। 19 सेकंड के वायरल वीडियो में नेगी हाथ में दो बोतलें लिए कहते नजर आते हैं, “पानी पी के दिखानी है।”

  • Written By:
  • Updated On - October 28, 2025 / 11:51 AM IST

दिल्ली:  दिल्ली में यमुना नदी (Yamuna river) की सफाई दिखाने के दौरान भाजपा विधायक रविंदर सिंह नेगी के साथ एक अजीब हादसा हो गया। पटपड़गंज से विधायक नेगी यमुना के किनारे एक रील शूट कर रहे थे, जिसमें वे यह दिखाने की कोशिश कर रहे थे कि अब नदी का पानी साफ हो चुका है। लेकिन रील बनाते समय संतुलन बिगड़ने से वे यमुना में गिर पड़े।

यह घटना छठ पूजा से पहले की बताई जा रही है। 19 सेकंड के वायरल वीडियो में नेगी हाथ में दो बोतलें लिए कहते नजर आते हैं, “पानी पी के दिखानी है।” कुछ ही सेकंड बाद वे घुटनों के बल बैठे हुए उठने की कोशिश करते हैं लेकिन फिसलकर सीधे नदी में जा गिरते हैं। पास खड़ा एक व्यक्ति उन्हें संभालने की कोशिश करता है, लेकिन असफल रहता है। इसके बाद नेगी खुद को लकड़ी के ढांचे का सहारा लेकर बाहर निकालते हैं।

वीडियो सामने आते ही आम आदमी पार्टी (AAP) ने भाजपा विधायक पर निशाना साधा। आप विधायक संजय झा ने एक्स (X) पर वीडियो शेयर करते हुए लिखा, “दिल्ली के भाजपा नेताओं के लिए झूठे वादे करना अब पेशा बन गया है। यह नेता झूठ की चरम सीमा पार कर चुके हैं। शायद यमुना मइया ने खुद उन्हें अपने पास बुला लिया।”

दिल्ली में छठ पूजा को लेकर बीते कुछ दिनों से यमुना की सफाई पर AAP और BJP के बीच राजनीतिक बयानबाजी जारी है। पिछले हफ्ते आप नेता सौरभ भारद्वाज ने बीजेपी को चुनौती दी थी कि अगर यमुना साफ है, तो मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और मंत्री प्रवेश वर्मा एक लीटर यमुना जल पीकर दिखाएं। उन्होंने कहा था कि “पिछली सरकार ने जिस केमिकल से सफाई की थी, वही केमिकल अब भी इस्तेमाल हो रहा है। अगर पानी इतना साफ है तो पीकर दिखाएं।”

यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया है और दिल्ली की राजनीति में नया विवाद खड़ा कर दिया है।