नई दिल्ली। पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव और वैश्विक ऊर्जा संकट की आशंकाओं के बीच केंद्र सरकार ने स्पष्ट किया है कि देश में पेट्रोल (Petrol), डीजल (Diesel) और केरोसिन (Kerosene) की कोई कमी नहीं है। लोकसभा में पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने कहा कि देश में इन सभी ईंधनों की उपलब्धता पूरी तरह सुनिश्चित है और आपूर्ति व्यवस्था सामान्य रूप से चल रही है।
उन्होंने बताया कि देशभर के पेट्रोल पंप और वितरण केंद्रों पर पर्याप्त स्टॉक मौजूद है और सप्लाई चेन सामान्य रूप से काम कर रही है। मंत्री ने कहा कि पेट्रोल, डीजल, केरोसिन के साथ-साथ एविएशन टरबाइन फ्यूल (ATF) और फ्यूल ऑयल की उपलब्धता भी पूरी तरह सुरक्षित है, इसलिए लोगों को किसी तरह की घबराहट या अफवाहों पर ध्यान देने की जरूरत नहीं है।
हरदीप सिंह पुरी ने यह बयान लोकसभा में विपक्ष की ओर से उठाई गई चिंताओं के जवाब में दिया। उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता यह सुनिश्चित करना है कि देश के 33 करोड़ से अधिक परिवारों के रसोईघर में गैस और ईंधन की कमी न हो, खासकर गरीब और वंचित वर्ग के लोगों को किसी तरह की परेशानी न हो।
मंत्री ने यह भी बताया कि सरकार ने ऊर्जा आपूर्ति को सुरक्षित रखने के लिए कई कदम उठाए हैं। भारत अब कच्चे तेल का आयात 40 देशों से कर रहा है, जबकि पहले यह संख्या करीब 27 थी। इससे किसी एक क्षेत्र पर निर्भरता कम हुई है और आपूर्ति में बाधा आने की संभावना भी घट गई है।
उन्होंने कहा कि पश्चिम एशिया में चल रहे संघर्ष के कारण वैश्विक ऊर्जा बाजार में अस्थिरता जरूर है, लेकिन भारत ने अपने स्रोतों को विविध बनाकर स्थिति को संभाला है। रिफाइनरियां पूरी क्षमता से काम कर रही हैं और जरूरत पड़ने पर अतिरिक्त उत्पादन भी किया जा रहा है।
सरकार ने लोगों से अपील की है कि पेट्रोल-डीजल की कमी से जुड़ी अफवाहों पर भरोसा न करें और अनावश्यक रूप से पेट्रोल पंपों पर भीड़ न लगाएं, क्योंकि देश में ईंधन की आपूर्ति पूरी तरह स्थिर और सुरक्षित है।